
वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एक एडवाइजरी जारी कर रोजाना कामकाज के लिए घर से बाहर निकलने वाले लोगों से इस बाबत एहतियात बरतने को कहा है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को एक एडवाइजरी जारी कर कहा कि रोजाना सफर करने वाले यात्री घर से निकलने से पहले मौसम का मिजाज देख लें। एडवाइजरी के मुताबिक, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों पर तैनात बलों को सजग रहने और गिरे हुए पेड़ों जैसी रुकावटों को हटाए जाने को सुनिश्चित करने को कहा है।
एडवाइजरी में नियमित सफर करने वाले मुसाफिरों को आंधी के दौरान सफर नहीं करने की सलाह दी गई है। आंधी या बारिश होने की स्थिति में जो लोग अपने वाहन सड़क पर रोक देते हैं उन्हें सलाह दी गई है कि वह टिन वाली छतों, पेड़ों या बिजली की तारों के नीचे न खड़े हों।
मुसाफिरों से कहा गया है कि वह कंक्रीट ढांचों के नीचे ही पनाह लें। चालकों को गाड़ी चलाते वक्त डिपर और पार्किंग लाइट का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि मुसाफिर मौसम संबंधी खबरों की जानकारी रखें और उस हिसाब से यात्रा की योजना बनाएं।
पिछले हफ्ते आंधी-तूफान के चलते पांच राज्यों में कम से कम 124 लोगों की मौत हो गई थी और 300 अन्य घायल हो गए थे।
मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने ट्रेनों के परिचालन में काफी सावधानी बरतने का निर्णय किया है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) दिल्ली-एनसीआर में ट्रेनों का परिचालन करती है और वर्तमान में यह 252 किलोमीटर नेटवर्क पर ट्रेनें चल रही हैं।
डीएमआरसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हवा की गति अगर 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की होती है तो ट्रेन की आवाजाही सामान्य रहेगी, लेकिन एलिवेटेड सेक्शन के प्लेटफॉर्म पर रेलगाड़ियां 40 किलोमीटर प्रति घंटे या कम की रफ्तार से प्रवेश करेंगी।
उन्होंने कहा कि अगर हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ज्यादा हुई तो ट्रेनों को प्लेटफॉर्म पर रोक दिया जाएगा और कोई भी ट्रेन 15 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति में हवा की गति 85 किलोमीटर प्रति घंटे से कम की रफ्तार से होने पर रेलगाड़ियों की आवाजाही सामान्य कर दी जाएगी।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सोमवार को और मंगलवार को आंधी-तूफान आने का अनुमान है।
हरियाणा सरकार ने बारिश और अंधड़ आने की भविष्यवाणी के मद्देनज़र स्कूलों में दो दिन की छुट्टियां करने के बाद अब किसी भी स्थिति में तैयार रहने के लिए पालिकाओं में अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी हैं तथा प्रशासन को चौकस कर दिया गया है।
राज्य की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने मौसम विभाग द्वारा हाई अलर्ट पर विभाग के आला अधिकारियों के सोमवार को यहां बैठक कर स्थिति की समीक्षा की तथा अग्निश्मन सेवाओं को किसी भी स्थिति के लिए तैयार रखने तथा अंधड़ के कारण पेड़ आदि गिरने और कूड़ा कचरा फैलने की स्थिति में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत एवं बचाव कायोर्ं तथा जान-माल का नुकसान रोकने के लिए पालिकाओं में अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों भी रद्द करने के आदेश दिए।
https://rashtriyadinmaan.com
