
lucknow | इलाहाबाद में अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव की हत्या मामले में योगी सरकार ने मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की है। यह जानकारी सूबे के डीजीपी ओपी सिंह ने दी।
उन्होंने कहा कि इलाहाबाद की घटना पर कहा कि इस तरह की घटनाओं पर पुलिस प्रभावी कार्रवाई करती है। जल्द ही अपराधी गिरफ्तार किए जाएंगे। तीन दिनों में हत्या की तीसरी वारदात से इलाहाबाद थर्रा उठा है। इलाहाबाद में अधिवक्ता की हत्या को लेकर सियासत भी सरगर्म हो गई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि इलाहाबाद में एक वकील की सरेआम हत्या, प्रदेश में ध्वस्त कानून व्यवस्था का सबूत है। प्रदेश की जनता भय के माहौल में घुटन महसूस कर रही है। योगी सरकार ने प्रदेश को रक्तरंजित कर दिया है। सरकार अपराधियों के हाथ का खिलौना बन गयी है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मनमोहन पार्क के पास कचहरी जा रहे अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव की बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या से नाराज अधिवक्ताओं ने पहले सड़क पर शव रखकर जाम लगाया और कचहरी में खराब कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर बवाल काटा। अहम बात यह है कि सूबे के चीफ सेक्रेटरी राजीव कुमार, डीजीपी ओम प्रकाश सिंह और प्रमुख सचिव गृह इलाहाबाद में मौजूद हैं। तीनों आला अफसर शहर में कुम्भ की तैयारियों की समीक्षा बैठक करने पहुंचे हैं। जिस स्थान पर अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या की गई है, उस रास्ते भी निरीक्षण करते हुए 10 मिनट पहले डीजीपी गुजरे थे।
https://rashtriyadinmaan.com
