
गोरखपुर | गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में पिछले साल संदिग्ध परिस्थितियों में बच्चों की मृत्यु के मामले के आरोपी डॉक्टर कफील खान के भाई को बदमाशों ने गोली मारकर गंभीर रुप से घायल कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार की रात करीब 11 बजे कुछ मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने हुमायूंपुर उत्तरी क्षेत्र में जेपी हॉस्पिटल के पास खान के भाई काशिफ (34) को गोलियां मारी जो उनकी बांह, गर्दन और ठुड्डी पर लगी। उनका ऑपरेशन किया गया है। उनकी हालत स्थिर है। कफील ने यह भी कहा ”सबसे पहले, मैं आप सबका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। मेरे भाई काशिफ को मारी गयी गोलियां बाहर निकाल ली गयी हैं और उनका ऑपरेशन कामयाब रहा। वह इस वक्त आईसीयू में हैं। उन्हें तीन गोलियां मारी गयी थीं। किसने मारीं, यह हम नहीं जानते। लेकिन यह उस गोरखनाथ मंदिर से 500 मीटर की दूरी पर हुआ, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोते थे।
उन्होंने कहा कि स्कूटी पर सवार दो हमलावरों ने उनके भाई को गोलियां मारीं और भाग गये। प्रदेश की कानून-व्यवस्था का यह हाल है। मालूम हो कि कफील को पिछले साल 10-11 अगस्त को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में संदिग्ध रूप से ऑक्सीजन की कमी के कारण 24 घंटे के अंदर 30 से ज्यादा बच्चों की मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया था। हादसे के वक्त वह मेडिकल कालेज के एईएस वार्ड के नोडल अफसर थे। उन्हें हाल ही में जमानत पर रिहा किया गया है।
https://rashtriyadinmaan.com
