कन्‍नौज हादसा : 6 छात्रों व 1 शिक्षक की मौत के बाद प्रभा देवी कालेज की प्रबन्‍धक पुष्‍पा चतुर्वेदी, वैभव चतुर्वेदी व अन्‍य पर मुकदमा


blooming-buds

 

 

lucknow । कन्‍नौज में हुए हादसे में प्रभा देवी महिला महाविद्यालय के 6 बीटीसी छात्रों व 1 शिक्षक की मौत के बाद इस मामले में पुलिस ने कालेज के प्रबन्‍धक मण्‍डल पर गैर इरादतन हत्‍या के साथ ही साथ अन्‍य मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं कालेज प्रबन्‍ध तन्‍त्र से जुड़े लोग फरार बताए जाते हैं। अभी तक किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस आवश्‍यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

छात्र छात्राओं के अभिभावकों कृष्‍ण मुरारी लाल, कृष्‍ण मुरारी गुप्‍ता, प्रकाश चन्‍द्र, यशवन्‍त यादव, राजेन्‍द्र प्रसाद आदि ने अपने तहरीर में लिखा है कि उनके बच्‍चे प्रभा देवी महाविद्यालय में बीटीसी करते हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने 550 बच्‍चों से जबरन प्रति छात्र 8 हजार से 10 हजार रुपए वसूली की और 44 लाख रुपए जुटाए। रुपया बचाने के लिए इन लोगों ने स्‍कूली बस के जरिए ही उनको हरिद्वार भेजवा दिया। रास्‍ते में दुर्घटना हुई और कालेज प्रबन्‍धन की लापरवाही से कुल हमारे बच्‍चों की मौत हो गई। तमाम बच्‍चे जीवन और मौत से जूझ रहे हैं। इस तहरीर के आधार पर पुष्‍पा चतुर्वेदी पत्‍नी विनय चतुर्वेदी, विनय चतुर्वेदी, वैभव चतुर्वेदी तथा दो अन्‍य के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्‍या 550/18 के तहत भारतीय दण्‍ड विधान की धारा 279, 337, 338, 304 ए, 384 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस सम्‍बन्‍ध में  कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आवश्‍यक कार्रवाई की जा रही है। शीघ्र ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस दुर्घटना में मारे गए सभी छात्रों के शव रात 12 बजे के करीब जिला मुख्‍यालय पर पहुंचे। इस दौरान भारी संख्‍या में लोगों की भीड़ बाईपास पर जमा थी। पुलिस ने सूझ बूझ का परिचय देते हुए तीन शवों को अपने गन्‍तव्‍य को भेजवा दिया। लेकिन चार शवों को बाईपास पर रखकर लोगों ने प्रदर्शन करना शुरु कर दिया। रात्रि में ही अधिकारियों ने सभी को समझाया बुझाया तथा आवश्‍यक कार्रवाई का निर्देश दिया। तब जाकर लोगों का क्रोध शान्‍त हुआ। बाद में विभिन्‍न नदी घाटों पर इन सभी लोगों का अन्तिम संस्‍कार कर दिया गया।


Scroll To Top
Translate »