
नई दिल्ली। टीडीपी द्वारा पेश किए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सुबह 11 बजे से लोकसभा में बहस की शुरुआत हुई। टीडीपी और भाजपा सांसद के बाद राहुल गांधी बोलने आए। वो तकरीबन एक घंटे तक बोले और राफेल डील से लेकर किसान, गरीब और महिलाओं के मुद्दे पर बोले।
इस बीच अविश्वास प्रस्ताव पर टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि, “हमारी पार्टी और नेता ममता बनर्जी टीडीपी और आंध्र प्रदेश की जनता के साथ हैं। उन्होंने सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि, आज क्या स्थिति हो गई है कि बीजेपी के सहयोगी रह चुकी टीडीपी को सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना पड़ रहा है।”
राहुल गांधी ने अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ संसद में जो भाषण दिया था, उसमें राफेल डील को लेकर जो बातें कही थी, उस पर फ्रांस सरकार का जवाब सामने आया है। फ्रांस सरकार ने राहुल गांधी के संसद में दिए बयान को झुठला दिया है। फ्रांस सरकार ने अपना बयान जारी करते हुए कहा कि, “हमने राहुल गांधी का बयान देखा है। फ्रांस और भारत के बीच 2008 में सुरक्षा करार हुआ था, उसके तहत दोनों देश डील के बारे में खुफिया जानकारी साझा नहीं कर सकते हैं।”
इस पर राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “मैं अब भी अपने बयान पर कायम हूं। मैंने कुछ भी गलत नहीं कहा है। फ्रांस को खंडन करना है तो करे। मेरे साथ मनमोहन सिंह और आनंद शर्मा भी थे।”
लोकसभा में अभी भी अविश्वास प्रस्ताव पर बहस चल रही है। उस पर फिलहाल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बोल रहे हैं। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे बोल रहे हैं। खड़गे ने सरकार पर आरोप लगाया कि, सरकार की कथनी और करनी में बहुत फर्क है। खड़गे ने सीधे भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि, “आप समाज तोड़ रहे हो, लोकतंत्र खत्म होगा। भाजपा ने सिर्फ 18 हजार गांवों में बिजली पहुंचाई है।”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह के लोकतंत्र वाले बयान पर जवाब देते हुए कहा कि, अगर आज हम आपके जैसे चलते तो लोकतंत्र खत्म ही हो जाता।
इससे पहले एनसीपी सांसद अनवर ने कहा कि,” आज सदन में बहुमत भले ही साबित कर दिया जाए, लेकिन सदन के बाहर जनता इस जुमले वाली सरकार को सत्ता से बाहर करना चाहती है। आने वाले चुनाव में जनता बीजेपी सरकार को सबक सिखाएगी।”
अविश्वास प्रस्ताव पर एनसीपी सांसद तारिक अनवर ने कहा कि, “प्रधानमंत्री राम राज की बात करते हैं, लेकिन अगर यही राम राज है तो रावण राज क्या होगा।”
बहस में उस वक्त संसद का माहौल थोड़ा हल्का हो गया था। जब राहुल गांधी अपना भाषण खत्म करके सीधे पीएम मोदी से जाकर गले मिल लिए। खुद पीएम मोदी को भी इस यकीन नहीं हुआ। बाद में पीएम मोदी ने भी उनसे हाथ मिलाया। इसके बाद जब राहुल गांधी अपनी सीट पर गए तो उनकी आंख मारने की तस्वीर सामने आई। इस पर सोशल मीडिया पर भी जमकर चुटकी ली गई।
इसपर लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने सदन में कहा कि, “राहुल गांधी का पीएम मोदी को इस तरह से गले लगाना सही नहीं है। वो इस वक्त देश के प्रधानमंत्री हैं, न की नरेंद्र मोदी। मैं गले लगाने के खिलाफ नहीं हूं। मैं भी एक मां हूं और जानती हूं कि भावनाएं क्या होती हैं। राहुल गांधी का आंख चमकाना भी सदन की गरिमा के लिहाज से सही नहीं है। मैं चाहती हूं कि सब लोग प्रेम से रहें। राहुल भी मेरे बेटे जैसे हैं।”
मुलायम ने कहा कि यूपी में बीजेपी के लोग ही रो रहे हैं, “अकेले में आपको नाम भी गिना सकता हूं। उन्होंने कहा कि हम तो चलो विपक्ष में हैं, लेकिन योगी सरकार अपनी पार्टी के लोगों की ही नहीं सुन रही है।
वहीं सीपीएम सांसद मोहम्मद सलीम ने भी सरकार पर आरोपों की बौछार कर दी। सलीम ने कहा कि,” सरकार कहती है 70 साल में जो नहीं हुआ वो हमने कर दिखाया। लेकिन दूसरी ओर 70 साल में देश बर्बाद हुआ तो आपने 4 साल वही करके दिखा दिया। आप कांग्रेस के रास्ते पर ही चल रहे हो, सलीम ने कहा कि सरकार ने नोटबंदी के नाम पर सबसे बड़ी आर्थिक भूल की जिससे कुछ भी हासिल नहीं हुआ।”
https://rashtriyadinmaan.com
