प्रधानमंत्री मोदी 28 को शाम पांच बजे इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे,एसपीजी, पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की


11133790_816627031760285_4502527523046625047_n

लखनऊ |  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 को शाम पांच बजे इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे। इसके आधे घंटे पहले से ही प्रतिष्ठान के गेट संख्या दो से प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री के आने से तीन घंटे पहले यहां की व्यवस्था पुलिस को सौंप दी जाएगी। बुधवार को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में जिला प्रशासन और एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान सुरक्षा के इंतजामों की समीक्षा की गई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 और 29 तारीख को लखनऊ आएंगे। इसके लिए क्या और तैयारियां जरूरी हैं इस पर एसपीजी और जिला प्रशासन के अफसरों ने एएसएल यानी एंडवांस सिक्योरिटी लाइजन में मंथन किया। बैठक में एसपीजी के डीआईजी एसके शर्मा, डीएम कौशल राज शर्मा, एसएसपी कलानिधि नैथनी के अलावा पुलिस और प्रशासन के सभी अफसर मौजूद थे। इस दौरान तय हुआ कि कार्यक्रम स्थल के पास लोहिया अस्पताल और एयरपोर्ट के पास पीजीआई को ‘सेफ हाउस बनाया जा रहा है। इसके अलावा बारिश को ध्यान में रखते हुए अतिथियों के लिए छातों की व्यवस्था भी की जा रही है।

एफएसडीए (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन)की अलग-अलग टीमों को एयरपोर्ट और इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में तैनात किया गया है। ये टीमें इन स्थानों से खाने-पीने की वस्तुओं के नमूने लेकर त्वरित जांच करेंगी। यह जांच थोड़ी-थोड़ी देर पर होती रहेगी।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने वालों के लिए छह अलग-अलग रंगों के पास जारी किए गए हैं। इनमें लाल, पीला, भूरा, सफेद और आसमानी रंग के पास शामिल हैं। आयोजकों के लिए सफेद, आयोजन स्थल पर तैनात कर्मचारियों के लिए आसमानी रंग के पास जारी किए गए हैं।


Scroll To Top
Translate »