लोक निर्माण विभाग की भूमि से भू-माफियाओं का कब्जा हटाने की कार्यवाही शीघ्र की जाय— केशव प्रसाद मौर्य


39813748_406878046507681_2654227516197175296_o

 

lucknow | लोक निर्माण मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में जहां कहीं पर भी लोक निर्माण विभाग की भूमि पर भू-माफियाओं का कब्जा है उसको चिन्हित कर हर हाल में यथाशीघ्र भू-माफियाओं से कब्जा हटाने की कार्यवाही यथाशीघ्र की जाय। इसी के साथ उन्होने कहा कि प्रत्येक मण्डल में 15 अगस्त को जिन हर्बल मार्गों पर हर्बल पौधों का वृक्षारोपण किया गया था उनकी सुरक्षा के उचित प्रबन्ध किये जायं और समय-समय पर उनका निरीक्षण भी किया जाय।

कुम्भ मेले पर चर्चा करते हुये उन्होने कहा कि कुम्भ मेले में नगर विकास के कार्य और लोक निर्माण के समस्त विकास कार्यों को तीव्र गति से प्रारम्भ कराया जाय और कार्यों की समीक्षा हेतु मुख्यालय पर एक टीम बनाकर विकास कार्यों की माॅनीटरिंग की जाय।साथ ही मेरिट में स्थान पाने वाले मेघावी छात्रों के गांव एवं गृहस्थान को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्गों पर जो साईन बोर्ड लगाये जायेंगे उनपर बच्चों का फोटो भी लगाया जाय।

श्री केशव प्रसाद मौर्य ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रदेश में समस्त निर्माणाधीन कार्यों एवं मरम्मत के कार्याें की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। जिन स्थानों पर कार्यों की गुणवत्ता खराब पायी जायेगी ऐसे ठेकेदारों एवं अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पीलीभीत में केन्द्रीय मार्ग निधि योजना के अन्तर्गत निर्माणाधीन पीलीभीत-बिसलपुर मार्ग की गुणवत्ता खराब होने पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर टर्मिनेट किया गया है और FIR की कार्यवाही की जा रही है।

श्री मौर्य ने समस्त अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देश दिये कि प्रत्येक दशा में सांसदों/जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में हो रहे विकास कार्यों को हर हाल में लाया जाय और उनकी सहभागिता भी सुनिश्चित की जाय।

वीडियो कान्फ्रेसिंग में अपर मुख्य सचिव लोक निर्माण विभाग संजय अग्रवाल, विशेष सचिव योगेश्वर राम मिश्र, विभागाध्यक्ष वी.के. सिंह, समस्त मुख्य अभियन्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


Scroll To Top
Translate »