मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया,कहा कि बुनियादी सुविधाओं में स्वास्थ्य एवं शिक्षा का महत्वपूर्ण स्थान


Press (2)
लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद गोरखपुर में जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला और पुरुष चिकित्सालयों के इंसेफलाइटिस वाॅर्ड (पी0आई0सी0यू0) में जाकर मरीजों की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने चिकित्सालय में दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सकों की उपस्थिति और निगरानी के सम्बन्ध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सी0एम0ओ0/सी0एम0एस0 को अस्पताल की समुचित साफ-सफाई तथा मरीजों के इलाज में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरते जाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने मरीजांे को फल और मिष्ठान्न भी वितरित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री  ने कहा कि जनसामान्य की बुनियादी सुविधाओं में स्वास्थ्य एवं शिक्षा का महत्वपूर्ण स्थान है। राज्य सरकार प्रदेशवासियों को यह सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार समाज के अन्तिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाआंे का लाभ पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि अभी हाल में ही चिकित्सालय में 20 बेड का एस0एन0सी0यू0 स्थापित किया गया है। कम वजन के बच्चों के लिए यह एक अच्छी सुविधा है। स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए निरन्तर कार्य किया जा रहा है। शीघ्र ही 100 बेड के वाॅर्ड का लोकार्पण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।
इसके उपरान्त मुख्यमंत्री  ने चन्द्रलोक कुष्ठाश्रम में जाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी  के जन्मदिवस के अवसर पर बच्चों में फल एवं मिष्ठान्न का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक कुष्ठ रोगी को आवास उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को कुष्ठ रोगियों को प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि कुष्ठ रोगियों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने की कार्य योजना बनाकर शीघ्र कार्य कराया जाए। साथ ही, बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की व्यवस्था भी की जाए।
इसके पश्चात, मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा मन्दिर (जटा शंकर) में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर विश्वकर्मा जयन्ती के उपलक्ष्य में अपनी बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज 02 लाख से अधिक संस्थाओं में विश्वकर्मा जयन्ती मनायी जा रही है। राज्य सरकार विश्वकर्मा समाज के उत्थान हेतु संचालित योजना के माध्यम से प्रत्येक गांव और कस्बे तक ट्रेनिंग, टूल किट्स एवं अन्य उपकरण उपलब्ध कराएगी। इस मौके पर उन्होंने मन्दिर के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान विधायक श्री राधामोहन दास अग्रवाल, श्री विपिन सिंह, महापौर श्री सीताराम जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »