
lucknow | इलाहाबाद में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कुम्भ में स्वच्छता के दम पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड, यूनिसेफ और विश्व स्वास्थ्य संगठन को कुम्भ का लोहा मनवाना है। कुम्भ की स्वच्छता तैयारियों की बैठक में उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि इस पर पूरा ध्यान देना है।मंत्री मंडलायुक्त कार्यालय के गांधी सभागार में मेला प्रशासन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की कुम्भ की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि कुम्भ 2019 एक बेंच मार्क होगा। इसके लिए दिन-रात तैयारी करें। उन्होंने सफाई कर्मियों को आधार बताया। साथ ही सलोनी गोयल को स्वच्छता की पूरी जिम्मेदारी उठाने के लिए कहा।
बैठक में मेलाधिकारी विजय किरण आनंद और स्वच्छता सलाहकार सलोनी गोयल ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि इस बार मेले में शौचालयों और सफाई व्यवस्था के व्यापक इंतजाम होगा। 35 अस्पतालों में 250 बेड होंगे। इसके लिए 2150 से भी अधिक चिकित्सकों की सेवाएं ली जाएंगी।
कुम्भ में लगभग छह लाख व्यक्तियों के इलाज की तैयारी की जा रही है। मेले में साढ़े पांच हजार व्यक्तियों को इस बार भर्ती करके इलाज करने की तैयारी की जा चुकी है। मंत्री ने कहा कि सभी की ड्यूटी अक्टूबर तक लगा दी जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने मोटराइज रिवर एम्बुलेंस की सलाह दी। मेला में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 150 रोड एम्बुलेंस, 4 एएलएस एम्बुलेंस, 5 रिवर एम्बुलेंस और मोटरबोट की व्यवस्था की जाएगी।
स्वच्छता के लिए मेला क्षेत्र में 12000 और सडकों के किनारे 8000 से अधिक डस्टबिनें रखी जाएंगी। 1,22,500 शौचालय, 12000 से अधिक फाइवर शौचालयों के साथ मेले में इस बार 40 हजार से अधिक कनात के शौचालय लगाए जाएंगे। नगर निगम और हरी भरी की ओर से 47 स्थलों से कूडा एकत्र किया जा रहा है।
बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्त, मंडलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल, महानिदेशक चिकित्सा और स्वास्थ्य, मेलाधिकारी विजय किरण आनंद, डीआईजी कुम्भ मेला केपी सिंह, जिलाधिकारी सुहास एलवाई, स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुम्भ मेला के लिए नियुक्त स्वच्छता सलाहकार सलोनी गोयल, नगर आयुक्त अविनाश सिंह आदि मौजूद रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
