
भोपाल| मध्य प्रदेश के राजनीतिक समर में 11 दिसंबर को बीजेपी और कांग्रेस के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है। राज्य में मतदान के बाद शुक्रवार को आए एग्जिट पोल भी इस तरफ इशारा कर रहे हैं कि कांग्रेस और बीजेपी दोनों प्रमुख दलों में से किसी के भी पक्ष में जनादेश जा सकता है। इसे लेकर राज्य बीजेपी में जहां हलचल देखने को मिल रही है, वहीं कांग्रेस भी दम भर रही है। शनिवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने आवास पर बीजेपी नेताओं की बैठक बुलाई है। इससे पहले शिवराज ने खुद को सबसे बड़ा सर्वेक्षक बताते हुए दावा किया कि बीजेपी की सरकार बननी तय है।
मुख्यमंत्री आवास पर इस बैठक में बीजेपी काउंटिंग को लेकर रणनीति तैयार कर सकती है। माना जा रहा है कि बहुमत के करीब पहुंचने पर बीजेपी अन्य दलों से सहयोग कैसे लेगी, इसे लेकर भी चर्चा हो सकती है। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने परिवार के साथ शनिवार को दतिया पहुंचे। उन्होंने यहां पर प्रसिद्ध देवी शक्तिपीठ पीतांबरा पीठ के दर्शन किए। उन्होंने पूर्ण बहुमत से बीजेपी सरकार बनने की उम्मीद जताई है।
मंदिर में दर्शन करने के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत से बीजेपी की सरकार बनेगी और वह यहां माई पीतांबरा का आशीर्वाद लेने आए हैं। सिंह अपने परिवार के साथ विशेष विमान से दतिया आए और हवाई पट्टी से वह सीधे पीतांबरा पीठ मंदिर पहुंचे। मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद उन्होंने मीडिया से केवल इतना ही कहा कि उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए पीतांबरा माई से प्रार्थना की है।
‘सबसे बड़ा सर्वेक्षक मैं’
मध्य प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा करते हुए शिवराज ने खुद को सबसे बड़ा सर्वे करने वाला बताया। शिवराज ने कहा, ‘मैं दिन-रात जनता के बीच रहता हूं, कोई भी मुझसे बड़ा सर्वेक्षक नहीं हो सकता। मैं विश्वास के साथ कह रहा हूं कि बीजेपी सरकार बनाएगी।
सीएम बोले, ‘अबकी बार 200 पार’
एग्जिट पोल पर उनका कहना था कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत वाली बीजेपी की सरकार बन रही है। हालांकि उन्होंने यह दावा भी नारे के साथ कर दिया, ‘अबकी बार 200 पार’ इसके बाद वह राजधानी भोपाल के लिए रवाना हो गए।
एग्जिट पोल्स में एमपी में कांटे की टक्कर
सभी एग्जिट पोल्स का औसत देखें तो मध्य प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस में कांटे की टक्कर है। राजस्थान में कांग्रेस को फायदा हो सकता है। वहीं, छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस अच्छी फाइट करती दिख रही है, जो बीजेपी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है। तेलंगाना में TRS की जीत लगभग तय मानी जा रही है क्योंकि सभी पोल्स में उसे सबसे ज्यादा सीटें मिलती दिख रही हैं। मिजोरम में कांग्रेस-MNF में नजदीकी मुकाबला है।
https://rashtriyadinmaan.com
