
प्रदेश के 11927 मार्गों का शिलान्यास डिजिटल तरीके से किया
लखनऊ | लोक निर्माण विभाग में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश के 11927 मार्गों का शिलान्यास डिजिटल तरीके से किया। विभिन्न क्षेत्रों में 2262 करोड़ की लागत से बनने 18486 किमी मार्गों का निर्माण कराया गया । इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने शहीदों के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उपमुख्यमंत्री ने घोषणा कि लोक निर्माण विभाग सभी बलिदानी वीरों के गांव की सड़कों को उनके नाम से बनाकर मुख्य मार्ग से जोड़ेगा। साथ ही उनके प्रवेश द्वारा भी बनेंगे, जिसका नामकरण शहीद सैनिक के नाम पर किया जाएगा।
केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को लोकनिर्माण द्वारा लखनऊ में विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि लोकनिर्माण विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मियों ने अपना एक दिन का वेतन दिया है। यह करीब चार करोड़ 95 लाख तक है। इसे शहीद परिवारों को सहयोग के लिए दिया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने शिलान्यास किए जाने वाले मार्गों के बारे में बताया कि सामान्य मरम्मत के तहत 1049 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 9525 किमी लम्बे 6508 मार्ग हैं। विशेष मरम्मत के तहत 1213 करोड़ की लागत से बनने वाली 8961 किलोमीटर लम्बे 5419 सड़कें हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार ने 4600 से अधिक गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने की स्वीकृति दे दी है।
अब तक 5423 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण हो चुका है। 250 से अधिक आबादी के सभी राजस्व गांवों के संपर्क मार्गों की स्वीकृतियां जारी कर दी गई हैं। काम भी शुरू हो चुका है। सात मीटर या उससे अधिक चौड़ी सभी प्रकार के मार्गों पर पड़ने वाले गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने का भी काम प्रगति पर है। इस प्रकार के चिन्हित 1915 बसावटों के लिए 1198 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। 1046 किलोमीटर लंबी 510 अनजुड़ी बसावटों पर सड़क बनाने के लिए 617 करोड़ रुपये की भी स्वीकृति जारी की जा चुकी है।
श्री मौर्य ने बताया कि लोक निर्माण विभाग पर्यावरण सुरक्षा के लिए बड़ा काम कर रहा है। विभाग ने नवीन तकनीक से सड़कें बना कर 942 करोड़ रुपये की बचत की है। यह बचत ग्रामीण इलाकों की सड़कों को बनाने में इस्तेमाल की जाएगी। विभाग ने नवीन तकनीक से सड़के बनाकर 30.42 घनमीटर पत्थर की बचत कर 12 लाख टन कार्बन उत्सर्जन में कमी लाई गई है। इतनी कार्बन उत्सर्जन में कमी तीन करोड़ 12 लाख पेड़ लगाने के बाद लाई जा सकती है।
https://rashtriyadinmaan.com
