अरुण जेटली बोले, सिक्यॉरिटी डॉक्ट्रिन बदल गई है, आतंक के खिलाफ बैकफुट पर नहीं खेलेगा भारत


 

 

नई दिल्ली |  पाकिस्तान के बालाकोट में भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक को लेकर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चीफ सैम पित्रोदा के बयान पर बीजेपी हमलावर है। केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को पित्रोदा की आलोचना करते हुए उनके बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और पाकिस्तान की बातों का समर्थन करने वाला बताया। उन्होंने साफ कहा कि बैकफुट पर रहते हुए आतंक के खिलाफ जंग नहीं जीती जा सकती और भारत की सिक्यॉरिटी डॉक्ट्रिन अब न केवल इसे डिफेंड करती है बल्कि खतरे को भांपकर आतंक के मूल स्थान पर पहले ही स्ट्राइक भी करती है।

जेटली ने साफ कहा, ‘भारत की सिक्यॉरिटी डॉक्ट्रिन अब बदल गई है। आतंकवाद की जहां से उत्पत्ति होती है, अब हम वहां हमला करते हैं। यह उन लोगों के बीच वैचारिक लड़ाई है जो हरसंभव कदमों का इस्तेमाल कर भारत की रक्षा करना चाहते हैं या जो बंधे हाथों से भारत के लिए लड़ना चाहते हैं।’

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी सलाहकार पित्रोदा के बयान पर निशाना साधते हुए जेटली ने कहा, ‘अगर गुरु (टीचर) की ऐसी सोच है तो कोई भी यह कल्पना कर सकता है कि उनके स्टूडेंट कैसे होंगे।’

उन्होंने आगे कहा, ‘पाकिस्तान के अलावा ऐसा कोई देश नहीं है जिसने भारत द्वारा किए हवाई हमले या सर्जिकल स्ट्राइक की आलोचना की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का उसी भाषा में बात करना दुर्भाग्यपूर्ण है और यह देश की भावनाओं को भी आहत करता है। यह कहना कि पुलवामा हमला खुद से कराया गया था, यह पाकिस्तान के दावों का समर्थन करता है।’
आपको बता दें कि सैम पित्रोदा ने कहा था, ‘मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत हवाई हमले से जवाब दे सकता था लेकिन मेरे हिसाब से दुनिया से ऐसे नहीं निपटा जाता है।’ पित्रोदा ने यह भी कहा कि वह बालाकोट हवाई हमले और उसमें मारे गए आतंकवादियों की संख्या के बारे में ‘और जानना’ चाहते हैं।

इससे पहले शुक्रवार दिन में पीएम नरेंद्र मोदी ने भी पित्रोदा के बयान की आलोचना करते हुए कई ट्वीट किए थे। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस पार्टी देश की सेनाओं पर सवाल खड़े कर रही है। पीएम ने कहा, ‘कांग्रेस राजघराने के वफादार ने मान लिया है कि कांग्रेस आतंकवादी ताकतों को जवाब नहीं देना चाहती थी। यह न्यू इंडिया है और हम आतंकवाद को उसी भाषा में जवाब देंगे जो उसे समझ में आती है।’


Scroll To Top
Translate »