
स्वार के जनता राइस मिल में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं गठबंधन प्रत्याशी आजम खां ने पांच अप्रैल की शाम को जनसभा की थी। आरोप है कि जनसभा में संबोधन के दौरान आजम खां ने मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी की थी। इस संबंध में स्वार विधानसभा क्षेत्र के उड़नदस्ता प्रभारी पवन कुमार ने टांडा थाने में तहरीर दी, जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें कहा है कि गठबंधन के प्रत्याशी आजम खां ने जनसभा की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अमर्यादित टिप्पणी की है। अफसरों को लेकर भी भड़काऊ भाषण दिया है। पुलिस ने आजम पर तीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। भड़काऊ भाषण में धारा 153, अमर्यादित टिप्पणी पर धारा 505 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम में धारा 125 में रिपोर्ट की गई है। टांडा कोतवाल ध्रुव कुमार ने बताया कि उड़नदस्ता प्रभारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं गठबंधन प्रत्याशी आजम खां पर इससे पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं। आचार संहिता के उल्लंघन और भड़काऊ भाषण दिए जाने के सप्ताह भर में तीन मामले दर्ज किए गए हैं। चुनाव शुरू होते ही कांग्रेस नेता फैसला लाला ने शहर कोतवाली में सप्ताह भर पहले ही रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। इस पर पुलिस अधीक्षक ने एसपीओ से विधिक राय ली थी, जिसके बाद शहर कोतवाली में भड़काऊ भाषण दिए जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। चार दिन पहले आजम खां ने स्वार और मसवासी में रोड शो किया था। इस मामले में भी स्वार कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई, जिसमें कहा था कि देर रात तक रोड शो किया गया। इससे आचार संहिता का उल्लंघन किया गया। अब एक मामला टांडा कोतवाली में भी दर्ज किया गया, जिसमें आजम खां पर मुख्यमंत्री और अफसरों को निशाना बनाकर भड़काऊ भाषण दिए जाने का आरोप है। आजम खां ने रविवार को शाहबाद में रोड शो और सैफनी में जनसभा की थी। इसमें भी रिपोर्ट दर्ज की जा सकती है। बताया जाता है कि अधिकारी बयान के वीडियो के परीक्षण कर रहे हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
