
निर्माणाधीन 06 लेन एक्सप्रेस-वे मार्ग में पाइपलाइन शिफ्टिंग का
कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाए: डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय
लखनऊ | मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने निर्देश दिये हैं कि निर्माणाधीन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के कार्यों को निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के साथ आगामी दिसम्बर, 2019 तक पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन 06 लेन एक्सप्रेस-वे मार्ग में पाइपलाइन आदि शिफ्टिंग का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाए।
मुख्य सचिव आज लोक भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में निर्माणाधाीन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के कार्यों की समीक्षा कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे में आवश्यकतानुसार जमीन का नियमानुसार अधिग्रहण कर किसानों को मुआवजा पारदर्शिता के साथ दिलाया जाना सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि पाइपलाइनों की शिफ्टिंग किये जाते समय इस बात का अवश्य ध्यान रखा जाए कि नागरिकों को जलापूर्ति की समस्या कतई न होने पाए।
डाॅ0 पाण्डेय ने निर्माणाधीन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे 06 लेन मार्ग के 51 प्रतिशत भौतिक प्रगति होने पर अधिकारियों को निर्देश दिये कि अवशेष कार्यों को निर्धारित माइलस्टोन के अनुसार पूर्ण कराने हेतु निरन्तर अनुश्रवण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य निर्धारित अवधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराकर आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कोई कोर-कसर न छोड़ी जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव, आवास श्री नितिन रमेश गोकर्ण, प्रमुख सचिव, औद्योगिक विकास श्री राजेश कुमार सिंह, मण्डलायुक्त, मेरठ श्रीमती अनीता मेश्राम, सचिव, औद्योगिक विकास श्री सन्तोष यादव सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
