
नई दिल्ली | महाराष्ट्र में सरकार बनाने की कवायद अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. NCP ने शिवसेना को समर्थन देने का रूख साफ कर दिया है. अब कांग्रेस की हामी का इंतजार हो रहा है, समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच फोन पर लंबी बातचीत हुई. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दिल्ली में सोनिया गांधी के घर पर कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक चल रही है. काफी देर से चल रही इस बैठक में सरकार गठन को लेकर चर्चा की जा रही है. इस बैठक में महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी से जीते कुछ विधायकों को भी बुलाया गया है जबकि कुछ विधायक अब भी जयपुर में हैं.
गौरतलब है कि मोदी सरकार में शिवसेना के एकमात्र मंत्री अरविंद सावंत ने भी इस्तीफे का ऐलान कर दिया है और इसके साथ ही बीजेपी-शिवसेना की 30 साल पुरानी दोस्ती टूट गई है. शरद पवार ने कहा है कि शिवसेना के साथ सरकार बनाने का फैसला कांग्रेस से विचार करने के बाद किया जाएगा. वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि पार्टी की बैठक में आलाकमान जो निर्देश देगा उसके हिसाब से फैसला लिया जाएगा.
आपको बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव मे बीजेपी को 105, शिवसेना को 56, एनसीपी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली हैं. बीजेपी और शिवसेना ने मिलकर बहुमत का 145 का आंकड़ा पार कर लिया था. लेकिन शिवसेना ने 50-50 फॉर्मूले की मांग रख दी जिसके मुताबिक ढाई-ढाई साल सरकार चलाने का मॉडल था. शिवसेना का कहना है कि बीजेपी के साथ समझौता इसी फॉर्मूले पर हुआ था लेकिन बीजेपी का दावा है कि ऐसा कोई समझौता नहीं हुआ. इसी लेकर मतभेद इतना बढ़ा कि दोनों पार्टियों की 30 साल पुरानी दोस्ती टूट गई.
https://rashtriyadinmaan.com
