
: घोटाले की सीबीआई जांच अब तक शुरू न होने और घोटाले पर पर्दा डालने की कोशिशों से बिजली कर्मचारियों में गुस्सा बढ़ा:
लखनऊ | प्राविडेंट फण्ड के भुगतान की जिम्मेदारी लेते हुए सरकार गजट नोटिफिकेशन जारी करने और घोटाले के मुख्य आरोपियों पावर कारपोरेशन के पूर्व चेयरमैन की गिरफ्तारी की मांग के प्रति उत्तर प्रदेश सरकार और विशेषतया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ध्यानाकर्षण हेतु ऊर्जा निगमों के बिजली कर्मचारी एवं अभियन्ता पत्नी व बच्चों सहित 14 नवम्बर को लखनऊ की सड़क पर उतरेगे। विद्युत परिषद पेन्शनर एसोसियेशन ने सेवानिवृत्त कार्मिकों से 14 नवम्बर की रैली में सम्मलित होने की अपील की है।इस बाबत पेंशनर परिषद के अध्यक्ष जे एम एल वैश्य ने अपील की है।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उप्र के आह्वान पर आज नवें दिन भी प्रदेश भर में बिजली कर्मचारियों व अभियन्ताओं के विरोध प्रदर्शन जारी रहे। लखनऊ में शक्तिभवन मुख्यालय पर हुई विरोध सभा में सैकड़ो कर्मचारी व अभियन्ता शामिल हुए।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज नवें दिन भी अपील की कि वे तत्काल प्रभावी हस्तक्षेप करें जिससे पीएफ के भुगतान हेतु सरकारी गजट नोटिफिकेशन जारी हो सके और निश्चिन्त होकर बिजली कर्मी बिजली व्यवस्था बनाये रखने के अपने कार्य में पूर्ण निष्ठा से जुटे रह सकें। संघर्ष समिति ने ईओडब्लू की जांच पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जांच 17 मार्च 2017 से आगे क्यों नहीं बढ़ रही है जबकि 17 मार्च 2017 को मात्र 18 करोड़ रूपये डीएचएफएल को दिये गये थे जबकि इसके बाद नियमों का उल्लंघन कर डीएचएफएल को 4100 करोड़ रूपये से अधिक का भुगतान किया गया। कर्मचारियों को ऐसा लग रहा है ईओडब्लू बड़े आईएएस अधिकारियों पर हाथ डालने से कतरा रही है। जबतक पूर्व चेयरमैन को गिरफ्तार नहीं किया जायेगा तब तक घोटाले की तह तक पहुंचना सम्भव नहीं है। संघर्ष समिति ने मांग की कि पूर्व चेयरमैन को तत्काल गिरफ्तार किया जाये और 02 नवम्बर की घोषणा के अनुरूप सीबीआई जांच शुरू की जाये।
आज प्रदेश भर में अनपरा, ओबरा, परीछा, हरदुआगंज, पिपरी, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली, अयोध्या, मुरादाबाद, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, कानपुर, झांसी, बांदा, अलीगढ़ और आगरा में जोरदार विरोध सभायें र्हुइं जिसमें हजारों संख्या में कर्मचारी एवं अभियन्ता उपस्थित रहे। प्रदेश भर के बिजली अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिनांक 14 नवम्बर को आयोजित ‘‘लखनऊ चलो रैली’’ में सपरिवार सम्मिलित होने के लिए हुंकार भरी।
राजधनी लखनऊ में हुई सभा को संघर्ष समिति के प्रमुख पदाधिकारियों शैलेन्द्र दुबे, राजीव सिंह, गिरीश पाण्डेय, सदरूद्दीन राना, सुहैल आबिद, विपिन प्रकाश वर्मा, शशिकान्त श्रीवास्तव, डीके मिश्रा, महेन्द्र राय, पी एन तिवारी, कुलेन्द्र सिंह, परशुराम, मो इलियास, करतार प्रसाद, पी एन राय, भगवान मिश्र, पूसेलाल, आर एस वर्मा ने संबोधित किया।
https://rashtriyadinmaan.com
