
वहीं इस मामले में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू ने कहा कि स्वाति सिंह मंत्री का बयान स्पष्ट है कि अपराधियों का बोलबाला है,सरकार अपराधियों को बचाने में लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को सदन में लाएगी और इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच भी जाएंगे।
बता दें कि मंत्री स्विति सिंह का एक ऑडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह एक सीओ को धमका रही हैं। ऑडियो में स्वाति सिंह कह रही हैं कि- ‘सीओ साहब, आपने अंसल के खिलाफ कोई एफआईआर लिखा है क्या…क्यों लिखा आपने। आपको पता नहीं है, ऊपर से आदेश है कोई एफआईआर नहीं लिखा जाएगा। सारे फेक एफआईआर लिखे जा रहे हैं।’ शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल यह ऑडियो मंत्री स्वाति सिंह और सीओ कैंट डॉ. बीनू सिंह की बातचीत का बताया जा रहा है।
ऑडियो में मंत्री स्वाति सिंह अंसल कंपनी के खिलाफ पीजीआई थाना में एफआईआर दर्ज होने पर सीओ कैंट से सवाल-जवाब कर रही हैं। वह सीओ से यह भी कह रही हैं कि अगर यहां काम करना है तो एक दिन आकर बैठ लीजिएगा।
यह वायरल ऑडियो बृहस्पतिवार शाम का बताया जा रहा है। इसके बारे में पुलिस के आला अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। इस मामले में मंत्री स्वाति सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने टाल दिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अंसल कंपनी के खिलाफ बीते दिनों पीजीआई थाना में एक एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
https://rashtriyadinmaan.com
