गंगा पथ को बढ़ाकर ले जाएंगे बख्तियारपुर तक : नीतीश


पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना गंगा पथ का कार्यारंभ किया। 21.5 किमी लंबी फोर लेन की यह सड़क पहले फेज में दीघा से दीदारगंज के बीच बननी है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि आने वाले समय में यह सड़क काफी महत्वपूर्ण सड़क होगी। फेज-2 में इसे हम बख्तियारपुर तक ले जाएंगे और वहां इसे बख्तियारपुर-ताजपुर के बीच गंगा पर बन रहे पुल से जोड़ा जाएगा। इसके पहले कच्ची दरगाह में गंगा पथ पर प्रस्तावित छह लेन वाले पुल को भी इस सड़क से जोड़ा जाएगा और अगर साधन हुआ तो फिर इसे पश्चिम की ओर बढ़ाकर आरा-छपरा के बीच बन रहे पुल से भी जोड़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस सड़क का निर्माण समय पर पूरा होगा। इसकी इंजीनियरिंग इतनी उत्कृष्ट है कि लोग इस सड़क को देखने आएंगे। उन्होंने इस सड़क का नाम लोक नायक जयप्रकाश के नाम पर लोकनायक जयप्रकाश गंगा पथ किए जाने का एलान किया। उन्होंने कहा कि आज जेपी की जयंती है इस वजह से इस सड़क का नामकरण उनके नाम से किये जाने का फैसला उन्होंने किया है।

इस मौके पर उन्होंने बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड को परामर्श दिया कि वह अपने कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत दीघा में गरीब लोगों व महिलाओं के लिए कार्यक्रम बनाए। उस कार्यक्रम के उद्घाटन में आना उन्हें अच्छा लगेगा। उन्होंने कहा कि आज अवसर का लाभ उठाने के लिए यह जरूरी है कि लोगों को संपर्कता दी जाए। इस काम में वे लगे हैं। बिहार में सड़कों का जाल बिछा रहे हैं हम।

पथ निर्माण विभाग के सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि यह मौका इतिहास का है। मुख्य सचिव अशोक कुमार सिन्हा ने कहा कि मैरिन ड्राइव के बारे में वह काफी पहले से सुनते आ रहे हैं आज यह सपना भी सच होने जा रहा है। निर्माण कंपनी नवयुगा के एमडी सी श्रीधर ने कहा कि हम तय समय से पहले इस परियोजना को पूरा कर लेंगे। …………….

क्या होगा इसका फायदा

-21.5 किमी फोर लेन वाली यह सड़क पटना शहर के पूरबी और पश्चिमी हिस्से को जोड़ेगी। एनएच-19, 30, 77 व एनएच-98 को भी संपर्कता हासिल होगी। भू अर्जन सहित 3160 करोड़ रुपये लागत वाली इस परियोजना से राजधानी का ट्रैफिक लोड कम होगा। अशोक राजपथ में इसे पांच जगहों पर निकास व प्रवेश मिल रहा है। फेज-1 में दीघा घाट से शुरू होकर दीदारगंज में यह सड़क एनएच-30 के जंक्शन के समीप समाप्त हो रही है।

………………

दीघा रेल पुल के लिए 300 करोड़ और देगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को दीघा-पहलेजा रेल पुल के निर्माण कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कई बार रेल मंत्री से मिलकर उन्होंने इस रेल पुल के निर्माण के लिए आवंटन बढ़ाने को कहा पर इस पर कोई निर्णय नहीं हुआ। मुंगेर में गंगा नदी पर बन रहे पुल की भी यही स्थिति है। राज्य सरकार ने तय किया है कि दीघा रेल पुल के लिए वह अपनी निधि से तीन सौ करोड़ रुपये और देगी ताकि निर्माण कार्य गति पकड़ सके। निरीक्षण के बाद संवाददाताओं से बातचीत के क्रम में उन्होंने यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह से मुंगेर में बन रहे पुल के लिए भी अगर जरूरत पड़ी तो राज्य सरकार राशि उपलब्ध करायेगी।

मुख्यमंत्री के साथ निरीक्षण के क्रम में पथ निर्माण विभाग के सचिव प्रत्यय अमृत व पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक मधुरेश कुमार भी थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को यह आश्वास्त किया कि मार्च 2015 तक दीघा-पहलेजा रेल पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। वहीं मुंगेर में गंगा नदी पर बन रहा पुल इसी वर्ष दिसंबर में पूरा हो जाएगा। काम ने गति पकड़ी हुई है।


Scroll To Top
Translate »