…जब सीएम योगी ने खुद संभाला मोर्चा, जानिए 11 घंटे के फर्रुखाबाद ऑपरेशन की पूरी कहानी


 

लखनऊ |  फर्रुखाबाद  में गुरुवार को सुभाष बॉथम  नाम के शख्स द्वारा दो दर्जन बच्चों को बंधक (Hostage) बनाए जाने की घटना ने उत्तर प्रदेश सरकार (UP Government) को हिलाकर रख दिया. शुरुआत में तो घटना पर स्थानीय पुलिस अपने स्तर से बातचीत और मामला शांत कराने की कोशिश करती रही. लेकिन सुभाष बॉथम द्वारा फायरिंग और बम फेंकने के साथ-साथ पुलिसकर्मी व ग्रामीणों को घायल करने के बाद सबकी समझ में आ गया कि मामला संगीन है. खबर लखनऊ तक पहुंच चुकी थी. अभी तक डीजीपी ओपी सिंह अपने स्तर से चीजें हैंडल कर रहे थे, लेकिन जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) को इसका पता चला तो खुद सीएम ने मोर्चा संभाल लिया. जानकारी मिलते ही सीएम योगी ने तत्काल सारी बैठकें और महत्वपूर्ण कार्यक्रम रद्द कर दिए और क्राइसिस मैनेजमेंट टीम की आपात बैठक बुला ली.

इसके बाद मौके पर एटीएस कमांडो भेजने के साथ ही एनएसजी तक को सूचना देने की कवायद शुरू हुई. यही नहीं, सीएम योगी ने बीच मीटिंग से एडीजी एटीएस (ADG ATS) को भी घटनास्थल पर भेज दिया. खास बात ये रही कि आधी रात के बाद तक सीएम योगी लगातार ऑपरेशन को मॉनीटर करते रहे, जब तक एक-एक बच्चा सकुशल अपने घर नहीं पहुंच गया.

अफसरों को सीएम ने साफ शब्दों में निर्देश दिया था कि एक भी बच्चे को खरोंच नहीं आनी चाहिए. हमारी प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित छुड़ाने की होनी चाहिए, इसके लिए जो भी जरूरी कार्रवाई करनी पड़े, करिए. आखिरकार देर रात पुलिस ने सुभाष बॉथम को मार गिराया और सभी 23 बच्चों को सकुशल मुक्त करा लिया.


पुलिस के अनुसार यह एक बेहद खतरनाक आपरेशन था. बच्चों को अपनी बेटी के जन्मदिन पार्टी के बहाने धोखे से बंधक बनाने वाले सनकी अपराधी के पास न सिर्फ अवैध असलहे थे, बल्कि उसने विस्फोटक भी जमा कर रखा था. इतना ही नहीं, धमाके को अंजाम देने की योजना के साथ उसने एलपीजी सिलेंडर भी इकट्ठा कर रखे थे.

गुरुवार दोपहर घटना की जानकारी तब हुई, जब बच्चे अपने घर नहीं पहुंचे. इस दौरान एक बच्चे की मां करीब पौने 4 बजे अपने बच्चे को ढूंढते हुए अपराधी के घर पर पहुंची. जब उसने दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से आवाज आई कि तुम्हारे ही नहीं, सारे बच्चों को बंधक बना लिया है, सबको मार कर घर उड़ा दूंगा.पुलिस, ग्रामीणों को देखते ही फायरिंग करने लगा शख्स
बदहवास महिला ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके तुरंत बाद 112 की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और ग्रामीणों को देखते ही अपराधी ने फायर करना शुरू कर दिया. मौके पर मौजूद पुलिस और लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, तो वह अजीबोगरीब बातें करता रहा और बीच-बीच में फायर भी करता रहा. इसी दौरान जब स्थानीय विधायक पहुंचे और उसे सूचना दी गई तो उसने विधायक समझकर ताबड़तोड़ फायर किया. यही नहीं उसने बम भी फेंके. इसमें ग्रामीण अनुपम दुबे, कोतवाल राकेश कुमार, दीवान जयवीर सिंह और सिपाही अनिल कुमार घायल हो गए.


Scroll To Top
Translate »