डिप्लोमा इंजीनियर्स ने कर्मचारी प्रेरणा स्थल पर धरना देकर, सौपा ज्ञापन



डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ का 20 सूत्रीय मांगांे को लेकर प्रान्त व्यापी जनपदीय प्रदर्शन

लखनऊ । उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के आहवान पर डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की जनपदीय शाखा ने इं. विमल मिश्र की अध्यक्षता में कर्मचारी प्रेरणा स्थल डीएम आवास के समक्ष धरना प्रदर्शन के उपरान्त मुख्यमंत्री को सम्बोधित 20 सूत्रीय मांग पत्र प्रेषित किया। धरने का संचालन इं. वीरेन्द्र कुमार सोनकर ने किया।

धरने को सम्बोधित करते हुए डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष इं. दिवाकर राय ने कहा कि प्रदेश का 27 हजार डिप्लोमा इंजीनियर्स लम्बित मांगों को लेकर सरकार से लगातार पत्राचार कर रहा है। सरकार की तरफ से प्रदेश के डिप्लोमा इंजीनियर्स की लगातार अनदेखी हो रही है। इस दौरान महासंघ के मण्डल अध्यक्ष इं. राजर्षि त्रिपाठी ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक दिवसीय जनपदीय धरना दिया जा रहा है। ज्ञापन के उपरान्त अगर सरकार की तरफ से कोई सकारात्मक पहल नही की जाती है, प्रदेश कार्यकारिणी की अगली बैठक में बड़े आन्दोलन का निर्णय लिया जाएगा।

ज्ञापन में मुख्य रूप से शामिल मांगों में जूनियर इंजीनियर का प्रारम्भिक वेतनमान पीबी-2 वेतन बैण्ड 9300 रूपये ग्रेड वेतन 4800 रूपये दिये जाने, नई पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू किए जाने, प्रदेश के समस्त निगमों, निकायों, सार्वजनिक उद्यमों, प्राधिकरणों में जूनियर इंजीनियर का प्रारम्भिक वेतनमान एक समान किय जाए। 400 रूपये विशेष भत्ते को ग्रेड पे में जोड़ा जाए। समस्त विभागों के जूनियर इंजीनियर्स को वाहन अनुरक्षण भत्ते के रूप में 30 लीटर पेट्रोल प्रदान करने के साथ जूनियर इंजीनियर्स को गैर तकनीकि एवं गैर विभागीय कार्यो से मुक्त रखा जाए। जूनियर इंजीनियर्स को 7,14 और 20 वर्ष की सेवा में शत प्रतिशत पदोन्नति सुनिश्चित की जाए।

धरने को मण्डल सचिव प्रदीप शुक्ला, मण्डल अध्यक्ष ग्रामीण अभियंत्रण विभाग इं. विनोद कुमार तिवारी, इं.रवि वर्मा, इं. अमान अहमद, इं. राजीव गंगवार, इं. संजय कुमार, इं. प्रवीण शुक्ला, इं. राकेश कुमार, इं. गजेन्द्र कुमार, इं. रामवीर सिंह, इं. मनोज कुमार श्रीवास्तव आदि ने सम्बोधित किया।


Scroll To Top
Translate »