
प्रधानमंत्री द्वारा ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार कार्यक्रम’ का शुभारम्भ
प्रधानमंत्री के माध्यम से 4.03 लाख एम0एस0एम0ई0 इकाइयों को
10,600 करोड़ रु0 से अधिक के ऋण का आॅनलाइन वितरण
लखनऊ | प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आपदा को अवसर में बदलने में सफल रहा है। संकट में साहस और सूझबूझ दिखाने वाले को सफलता मिलती है। राज्य सरकार और प्रदेशवासियों ने जो साहस और सूझबूझ दिखायी, उससे आपत्ति के समय में भी उत्तर प्रदेश सफलतापूर्वक आगे बढ़ा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उनकी पूरी टीम चाहे जनप्रतिनिधि हों या कर्मचारी हों सभी ने सराहनीय कार्य किया है। सभी ने मिलकर प्रदेश को जिस मुश्किल स्थिति में संभाला है, आने वाली पीढ़ियां उस पर गर्व करेंगी।
प्रधानमंत्री ने यह विचार आज वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘गरीब कल्याण रोजगार अभियान’ के अन्तर्गत ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार कार्यक्रम’ के शुभारम्भ अवसर पर अपने सम्बोधन में व्यक्त किये। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने रिमोट से अनावरण कर ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार कार्यक्रम’ का शुभारम्भ किया। इस मौके पर लाॅकडाउन तथा अनलाॅक की कार्यवाही के दौरान राज्य सरकार द्वारा उठाये गये कदमों की जानकारी से सम्बन्धित एक फिल्म भी प्रस्तुत की गयी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि श्रम की महत्ता से हम सभी परिचित हैं। ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान’ से ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार कार्यक्रम’ को प्रेरणा मिली। राज्य सरकार ने इस योजना को क्वालिटेटिव एवं क्वांटिटेटिव विस्तार दिया। प्रदेश सरकार ने लाभार्थियों की संख्या बढ़ायी और इस कार्यक्रम को आत्मनिर्भर भारत अभियान से भी जोड़ा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश से प्रेरणा लेकर देश के अन्य राज्य भी इसी प्रकार के कार्यक्रम अपने प्रदेशों में प्रारम्भ करेंगे।
राज्य सरकार और प्रदेश के नागरिकों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रयास और उपलब्धि पूरी दुनिया के लिए मिसाल है। उत्तर प्रदेश के आंकड़े चकित कर देने वाले हैं। इसके लिए प्रदेश के सभी नागरिक, डाॅक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ, पुलिस, बैंक, टेलीग्राम, परिवहन आदि के साथियों ने पूरी निष्ठा से योगदान किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तुलनात्मक अध्ययन से पता चलता है कि उत्तर प्रदेश ने कितनी बड़ी सिद्धि प्राप्त की है। जनसंख्या के दृष्टि से यह प्रदेश कई देशों से बड़ा है। इंग्लैण्ड, फ्रांस, इटली, स्पेन की सम्मिलित जनसंख्या उत्तर प्रदेश के बराबर है। साधन सम्पन्न इन देशों में कोरोना वायरस से 1.30 लाख लोगों की मृत्यु हुई है। जबकि उत्तर प्रदेश में कोरोना से 600 लोगों की मृत्यु हुई है। सभी तरह से समर्थ अमेरिका की आबादी लगभग 33 करोड़ है। यहां कोरोना से 1.25 लाख लोगों की मृत्यु हुई है। पहले से तैयारी तथा निरन्तर प्रयास से योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व की प्रदेश सरकार ने अब तक कम से कम 85 हजार लोगों का जीवन बचाया है। नागरिकों की रक्षा संतोष का विषय तो है ही, इससे देश का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लाॅकडाउन के दौरान प्रदेशवासियों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए अभूतपूर्व व्यवस्था की गयी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत उत्तर प्रदेश ने बहुत तेजी से गरीबों व वापस लौटे श्रमिकों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया। प्रदेश का कोई भी नागरिक भूखा न रहे, इस भावना व संवेदनशीलता से राज्य सरकार ने कार्य किया। 15 करोड़ लोगों के लिए खाद्यान्न का प्रबन्ध किया गया। इसके लिए प्रदेश की गरीब जनता में 42 लाख मीट्रिक टन राशन वितरित किया गया। राशन कार्ड न होने पर भी गरीबों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। उत्तर प्रदेश के लगभग 3.25 करोड़ महिलाओं के जनधन खाते में 5 हजार करोड़ रुपये की धनराशि अंतरित की गयी। आजादी के बाद के इतिहास में आज तक सम्भवतः किसी सरकार ने गरीबों की ऐसी मदद नहीं की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की आत्मनिर्भरता के लिए ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान’ में भी उत्तर प्रदेश आगे है। ग्रामीण इलाकों में गरीबों के आय के साधन बढ़ाने के लिए अनेक प्रकार के कार्य शुरु कराये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, सामुदायिक शौचालय निर्माण, पंचायत भवन, तालाब निर्माण, इण्टरनेट की लाइनों के बिछाने आदि कार्याें के माध्यम से प्रदेश सरकार ने लगभग 1.25 करोड़ श्रमिकों/कामगारों को रोजगार देने का प्रयास किया है। 50 लाख लोगों को एम0एस0एम0ई0 इकाइयों में रोजगार दिया जा रहा है। इसके अलावा, स्वरोजगार के लिए हजारों उद्यमियों को मुद्रा योजना के तहत करीब 10 हजार करोड़ रुपये का ऋण आवंटित किया गया है। ऋण के साथ-साथ आज हजारों हस्तशिल्पियों को आधुनिक मशीनें और उनके काम के लिए आवश्यक टूल किट भी दी गयी है। इससे हस्तशिल्पियों का काम भी बढ़ेगा और उन्हें सुविधा भी मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 1.25 करोड़ कामगारों की पहचान करना, 30 लाख से ज्यादा श्रमिकों के कौशल व अनुभव का डेटा तैयार करना और उनके रोजगार की समुचित व्यवस्था करना, यह प्रदेश सरकार और उसके कर्मचारियों की सघन तैयारी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना में प्रदेश में पहले से ही स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। ‘आत्मनिर्भर भारत योजना’ में औद्योगिक क्लस्टर विकसित किये जा रहे हैं। इससे प्रदेश को भी लाभ मिलेगा। ‘आत्मनिर्भर भारत योजना’ से किसानों को भी लाभ होगा। किसानों को मण्डी के बाहर अपनी उपज बेचने का अधिकार दिया गया है। इससे वह जहां ज्यादा दाम मिले वहां अपना सामान बेच सकता है। वह बुवाई के समय भी उत्पाद का दाम तय कर सकता है।
प्रधानमंत्री ने जनपद सन्तकबीर नगर के विकास खण्ड व ग्राम पंचायत नाथनगर के श्री रामचन्द्र तथा विकास खण्ड खलीलाबाद, ग्राम पंचायत दुघरा के श्री अमरेन्द्र कुमार से भी संवाद किया। श्री रामचन्द्र की होजरी की छोटी सी दुकान है। ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के तहत इन्हें 11 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ है। इसकी सहायता से श्री रामचन्द्र होजरी व रेडीमेड कपड़ों का उत्पादन भी कर रहे हैं। श्री अमरेन्द्र कुमार की बेकरी की दुकान है। इन्हें पी0एम0ई0जी0पी0 योजना के तहत 25 लाख रुपये की ऋण धनराशि प्राप्त हुई है। इस धनराशि से श्री अमरेन्द्र कुमार, रस्क सहित अन्य बेकरी उत्पाद तथा नमकीन का उत्पादन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने कहा कि लगन व निरन्तर परिश्रम से छोटे स्तर पर शुरु किये गये कार्य बड़े व्यवसायों में परिवर्तित हो जाते हैं। उन्होंने दोनों व्यवसायियों को समय से बैंक ऋण अदा करने का सुझाव दिया।
वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के दौरान औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन मंत्री श्री सिद्धार्थनाथ सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री श्री राजेन्द्र प्रताप सिंह (मोती सिंह), ग्राम्य विकास राज्य मंत्री श्री आनन्द स्वरूप शुक्ला, मुख्य सचिव श्री आर0के0 तिवारी, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री आलोक कुमार, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री आलोक टण्डन, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह श्री अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एम0एस0एम0ई0 श्री नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज श्री मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री संजय प्रसाद, निदेशक सूचना श्री शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
———
———
https://rashtriyadinmaan.com
