
नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना वायरस (COVID-19) संक्रमण के 700 से अधिक नए मरीज मिलने के बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या 1.46 लाख के पार पहुंच गई है। वहीं संक्रमण से 20 और लोगों की मौत होने से मृतकों संख्या भी बढ़कर 4,131 हो गई। हालांकि, फिलहाल यहां सिर्फ 3238 मरीज ही अस्पतालों में भर्ती इलाज के लिए भर्ती हैं।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में जहां कोरोना के 707 नए मरीज मिले हैं, वहीं, 20 मरीजों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या 1,46,134 हो गई है। आज दिल्ली में 1070 मरीज पूरी तरह ठीक होकर अपने घर चले गए।
राजधानी में फिलहाल कोरोना वायरस संक्रमण के 10,346 एक्टिव मामले हैं। वहीं, अब तक कुल 1,31,657 मरीज इस महामारी को मात देकर पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। इसके साथ ही अब तक मरने वालों की संख्या 4131 हो गई है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में 3,311 आरटीपीआर/ सीबीएनएएटी / ट्रूनैट टेस्ट और 9,012 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। दिल्ली में अब तक कुल 1,20,4405 जांचें हुई हैं। इसके साथ ही राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या एक घटकर 477 हो गई है।
लोग संक्रमण को शिकस्त दे रहे हैं : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को राजधानी में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर पर खुशी जताते हुए कहा कि राजधानी के लोग संक्रमण को शिकस्त दे रहे हैं। केजरीवाल ने सोमवार को ट्वीट किया, “दिल्ली में अब 90 प्रतिशत से अधिक कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कुल मरीजों का अब मात्र सात प्रतिशत ही सक्रिय मामले हैं। धीरे-धीरे और निरंतरता के साथ दिल्ली के लोग कोरोना संक्रमण को मात दे रहे हैं।”
https://rashtriyadinmaan.com
