UP में, युवा बेरोजगार और अपराध बेलगाम 21को प्रदेश भर में प्रदर्शन करेगी सपा — अखिलेश यादव


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में एक ओर कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है तो दूसरी तरफ भाजपा सरकार की मनमानी कार्यशैली और दमनकारी नीतियों से जनता त्रस्त है। किसान बेहाल, युवा बेरोजगार और अपराध बेलगाम है। इसके विरोध में 21 सितंबर 2020 को समाजवादी पार्टी सभी जनपदों में तहसील स्तर पर शारीरिक दूरी रखते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी।

श्री यादव ने कहा कि कोरोना संकटकाल में भाजपा सरकार स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मुहैया कराने में लापरवाह है। उचित चिकित्सा के अभाव में जाने जा रही हैं। कोविड-19 अस्पतालों में अव्यवस्थाओं के चलते जहां संक्रमित दिक्कत में हैं, वहीं स्वास्थ्यकर्मी भी साधन-सुविधाओं के अभाव से परेशान हैं। समाजवादी सरकार की 108, 102 सेवाएं निष्क्रिय कर दी गई है। प्रदेश की लगभग हर ग्राम पंचायत में कोरोना किट की खरीद में महाघोटाला हुआ है।

भाजपा सरकार तो किसानों के हितों के प्रति पूर्णतया असंवेदनशील है। इसके कार्यकाल में किसान की बदहाली बढ़ी है। सरकार उसे समर्थन मूल्य भी दिलाने में असफल रही है। अब नए अध्यादेश लाकर भाजपा किसानों को अपनी जमीन पर ही मजदूर बनाने और खेती को अमीरों के हाथ में गिरवी रखने की साजिश कर रही है। समाजवादी पार्टी इन शोषणकारी साजिशों का विरोध करेगी। जनता के पास अब हर मोर्चे पर विफल भाजपा सरकार के झूठ और पाखण्ड को पचाने का सब्र नहीं बचा है। 


Scroll To Top
Translate »