किसानों के हित में कृषि कानूनों में संशोधन को तैयार है सरकार— रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह


भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा ने राजनीति में विश्वसनीयता के संकट को समाप्त किया है

रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंच से खुले मन से प्रशंसा की

लखनऊ | रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश में कॉमन सिविल कोड लागू करने के संकेत दिए हैं। सोमवार को राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा ने राजनीति में विश्वसनीयता के संकट को समाप्त किया है। भाजपा ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने, ट्रिपल तलाक समाप्त करने और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के संकल्प को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि कॉमन सिविल कोड की बात करते थे, उसे भी देखेंगे लेकिन पार्टी की विश्वनसीयता पर किसी भी सूरत में आंच नहीं आने देंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि कृषि कानूनों के मुद्दे पर सरकार किसानों से हर बार बात करने और किसानों के हित में कृषि कानूनों में संशोधन करने को भी तैयार है।

भाजपा के पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति में विश्वसनीयता का बड़ा संकट रहता है। उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय जम्मू-कश्मीर से हर चुनाव घोषणा पत्र में अनुच्छेद 370 समाप्त करने का वादा करते थे। केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनते ही अनुच्छेद 370 समाप्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नारा दिया था रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे। उस समय लोग कहते थे कि भाजपा वाले वोट के लिए राम मंदिर का नारा देते हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन समय आ गया जब पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास कर दिया। उन्होंने कहा कि कॉमन सिविल कोड को हिन्दू मुसलमान, ईसाई के साथ भेदभाव या नाइंसाफी के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा जाति, मजहब और पंथ की नहीं बल्कि इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करती है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि एमएसपी को कोई समाप्त नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन का हल बातचीत से ही निकलेगा। किसानों को आंदोलन समाप्त कर सरकार से बातचीत करनी चाहिए। किसान जितनी बार कहेंगे उतनी बार बातचीत के लिए सरकार तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार से किसान सम्मान निधि देने के साथ किसानों की आय दोगुना करने के लिए हर संभव प्रयास किया है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि 1947 में जब भारत आजाद हुआ तो विश्व के लोग कहते थे कि भारत अपनी स्वतंत्रता की रक्षा भी कर पाएगा या नहीं। उन्होंने कहा कि लेकिन अब स्थिति यह है कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी गत दिनों कहा है कि भारत अब शक्तिशाली बन गया है। उन्होंने कहा कि भारत को अब सुपरपावर बनने से कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार देश की सीमा और आतंरिक सुरक्षा से समझौता नहीं करेगी। इंडो-चाइना बार्डर पर गत वर्ष हुई घटना में भारतीय सेना ने जिस साहस, शौर्य और संयम का परिचय दिया है उसे दुनिया ने सराहा है। उन्होंने कहा कि न्यू इंडिया बनाने में सबसे बड़ा योगदान न्यू उत्तर प्रदेश का होगा। उन्होंने कहा कि 2022 में 2017 की तुलना में ज्यादा सीटें जीतकर फिर सरकार बनाएंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि एक ऐसा सशक्त भारत खड़ा करेंगे जिसकी विश्व में धाक, धमक और विश्वसनीयता हो। जो केवल भारतवासियों की ही नहीं बल्कि पूरे विश्व का कल्याण करे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि यह भी संयोग है जब बाबरी विध्वंस हुआ तब भी प्रदेश में कल्याण सिंह के नेतृत्व में भाजपा की सरकार थी। जब अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास हुआ तो योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है।

योगी की तारीफ की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंच से खुले मन से प्रशंसा की। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को बेमिसाल बताया। योगी सरकार के कामों की सराहना करते हुए सिंह ने कहा कि अपराधियों के साथ प्रदेश सरकार ठीक बर्ताव कर रही है । अराजकता की स्थिति में रामराज्य का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने एमएसपी पर रिकार्ड धान और गेहूं की खरीद की है। औद्योगिक निवेश के साथ रोजगार, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण सहित कई क्षेत्रों में यूपी नंबर वन बना है। सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की भी प्रशंसा की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि योगी सरकार में लाखों की संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरियां पूरी पादर्शिता से दी गई है। उन्होंने कहा कि 30 नए मेडिकल कॉलेज बने हैं, चार नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बने है। चिकित्सा, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम के साथ कोरोना प्रबंधन भी देश में मिसाल बना है।

जन जन तक पहुंचाएं सरकार के काम
राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोरोना प्रबंधन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सूझबूझ और दूरदृष्टि की आज दुनिया भर में सराहना हो रही है । यह मोदी के प्रयासों का ही नतीजा है कि देश ने न सिर्फ कोरोना वैक्सीन बनाकर देशवासियों का जीवन सुरक्षित रखने की दिशा में कदम बढ़ाया बल्कि दुनिया को भी उम्मीद दिखाई है । विश्व के 70 देशों को कोरोना वैक्सीन देकर मोदी ने दुनिया भर में भारत का मान बढ़ाया है । कहा कि विपक्ष देशवासियों को वैक्सीन का सवाल उठा रहा है । उसे पता होना चाहिए देश के लोगों को लगातार वैक्सीन देने का अभियान चल रहा है । उन्होंने भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों से केंद्र और राज्य सरकार के कामों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ भाजपा के विजय रथ को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया
राजनाथ सिंह ने कहा कि लोग कहते हैं कि कार्यकर्ताओं को डिस्टेंस रखना चाहिए। लेकिन मैं कहता हूं कि मुझे डिस्टेंस रखने से नहीं बल्कि कार्यकर्ता को गले लगाने से सुखद अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है, मेहनत करने वाले कार्यकर्ता को भले पद नहीं मिले लेकिन प्रतिष्ठा अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा में ही संभव है कि एक गरीब परिवार में जन्मा बच्चा देश के सबसे बड़े प्रदेश में भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बने। कहा कि व्यक्ति का कद पद से नहीं बल्कि कृति से बढ़ता है। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि आप लोगों को भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम करने का मौका मिला है।
आग, रोग और पानी से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए : योगी आदित्यनाथ
कार्यसमिति की बैठक में आए लोग

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरी कार्यसमिति एक साथ आए और संवाद हो, लेकिन कोरोना काल में यह चुनौती थी। अब कोरोना से थोड़ी राहत मिली है। तब यह बैठक बुलाई गई है। आपदा प्रबंधन कैसे हो, यह हमने देखा। पीएम नरेंद्र मोदी के हम आभारी हैं। कोरोना अभी समाप्त नहीं हुआ है। सात राज्यों में मामले बढ़े हैं। आपसे आग्रह है कि सतर्कता जरूर बरतें। आग, रोग और पानी से कभी खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। 60 साल के ऊपर का कार्यकर्ता और 45 से ऊपर का गंभीर बीमारी वाला कार्यकर्ता फ्री में वैक्सीन लगाए। न जाति, न क्षेत्र, न मत न मजहब देखकर काम हो रहा है। ये अपील है। लोगों को भी लगवाएं। कोरोना के समय में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। लेकिन अभी बहुत कुछ करना है। अभी प्रदेश की छवि को वैश्विक मंच पर ले जाने के लिए और काम करने हैं।


Scroll To Top
Translate »