प्रियंका गांधी ने लगाया आरोप यूपी में लोकतंत्र का खुलेआम चीर हरण हो रहा है


लखनऊ| कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यूपी में सरकार ही संविधान को नष्ट कर रही है। लोकतंत्र का खुलेआम चीर हरण हो रहा है। उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर से निपटने में प्रदेश सरकार को पूरी तरह से विफल बताया। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी कोरोना से निपटने और विकास के मामले में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की झूठी प्रशंसा कर रहे हैं।

उन्होंने सरकार पर जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हिंसा फैलाने का आरोप भी लगाया। इस सबके खिलाफ प्रियंका ने हजरतगंज में गांधी प्रतिमा पर करीब दो घंटे का मौन धरना भी दिया।

प्रिंयका शुक्रवार को गांधी प्रतिमा पर मौन धरना देने के बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंचीं। वहां मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था एकदम ध्वस्त हो चुकी है। यही वजह है कि उन्होंने गांधी प्रतिमा पर मौन व्रत रखा। मौन इसलिए भी रखा कि देशवासियों का ध्यान इस ओर आकर्षित हो सके।

प्रियंका ने कहा कि यूपी आए पीएम मोदी कोरोना और विकास के फ्रंट पर योगी सरकार के काम को अच्छा बताते हुए उसे प्रमाणपत्र दे गए। यह कैसा अच्छा काम है। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान पंचायत चुनाव कराए गए। बड़ी संख्या में लोग संक्रमित हुए। चुनाव ड्यूटी करने वाले कितने शिक्षकों की मौत हुई। चुनाव यह सोचकर कराए गए कि परिणाम भाजपा के मनमुताबिक आएंगे। ऐसा नहीं हुआ तो सरकार ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में हिंसा फैला दी।

उम्मीदवारों के नामांकन पत्र फाड़ दिए गए। उन्हें घर से उठा लिया गया। महिला उम्मीदवारों को न सिर्फ मारा-पीटा, बल्कि उनके कपड़े तक फाड़े गए। तमाम जिलों में प्रशासन ने ही सदस्यों को सत्ता के इशारे पर धमकी दी। कहीं बम फूटे और कहीं हिंसा हुई। इस तरह सरकार यूपी में अराजकता फैला रही है। सरकार सोचती है कि जनता और विपक्ष इस सब पर मौन रहेगा। लेकिन, हकीकत में ऐसा नहीं है।


Scroll To Top
Translate »