LDA VCअभिषेक प्रकाश ने किया जगह का मुआयना
सड़क पर वाहनों की पार्किंग से लगने वाले ट्रैफिक जाम से जनता को मिलेगी मुक्ति

लखनऊ। चौक में लोगों को ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या से जल्द ही निजात मिलने वाली है। इसकी वजह यह है कि लाजपत नगर कालोनी के निकट कोनेश्वर चौराहे के पास लखनऊ विकास प्राधिकरण की नजूल भूमि पर बनने वाली मल्टीलेवल पार्किंग एवं सह आवासीय कॉम्पलेक्स का रास्ता साफ हो गया है। शनिवार को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश व सचिव पवन कुमार गंगवार ने फायर स्टेशन के पीछे स्थित उक्त जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मल्टीलेवल पार्किंग के बेहतर उपयोग के लिए इसके रास्तों, डिजाइन व निर्माण समेत अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की गई।
एलडीए उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश ने बताया कि मल्टीलेवल पार्किंग के ऊपर आवासीय भवन बनाए जाएंगे, जिससे परियोजना की लागत निकल आएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जल्द ही योजना का खाका तैयार करके इसे अमल में लाए जाने के आदेश दिए।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि कोनेश्वर चौराहे के पास प्राधिकरण की करीब 25 हजार वर्ग फुट नजूल भूमि है। एलडीए ने बोर्ड बैठक में उक्त जमीन पर मल्टीलेवल पार्किंग एवं सह आवासीय कॉम्पलेक्स बनाए जाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। जिस पर अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी द्वारा प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए स्वीकृति दे दी गई। इसके बाद से प्रस्ताव को अमल में लाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस क्रम में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश ने इस जगह का निरीक्षण किया। इस दौरान एलडीए के नजूल अधिकारी आनंद कुमार सिंह समेत सम्बंधित विभाग के अन्य अफसर और कर्मचारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पूरी जमीन का बारीकी से मुआयना किया गया।
इसमें देखा गया कि पार्किंग में प्रवेश के लिए आने वाला रास्ता कितना चौड़ा होना चाहिए, जिससे वाहनों के आगमन और निकासी में किसी तरह की कोई समस्या न आए। इसके अलावा मल्टीलेवल पार्किंग एवं सह आवासीय कॉम्पलेक्स के डिजाइन और वैकल्पिक रास्तों के बारे में भी चर्चा की गई, ताकि पार्किंग को ज्यादा से ज्यादा लोगों के लिए उपयोगी बनाया जा सके। उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश ने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए कि वे परियोजना का पूरा खाका जल्द से जल्द तैयार करके आगे की कार्रवाई शुरू करें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी/एलडीए उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश ने कहा कि पुराने लखनऊ में घनी आबादी है, जिसके चलते यहां ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। वहीं, सड़कों पर दो पहिया/चार पहिया वाहनों की पार्किंग से ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में कोनेश्वर चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग बनने से क्षेत्रवासियों को जाम की समस्या से बड़ी निजात मिलेगी।
यहां आने वाले लोग कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग:
चौक स्टेडियम, घंटा घर, रूमी गेट, टीले वाली मस्जिद, बड़ा इमामबाड़ा, केजीएमयू, बुद्धा पार्क, हाथी पार्क और अटल बिहारी कन्वेंशन सेंटर समेत आसपास के अन्य स्थानों पर आने वाले लोग इस मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े कर सकेंगे अपने वाहन।
https://rashtriyadinmaan.com
