ट्रांसपोर्ट नगर योजना की सम्पत्तियों के फ्रीहोल्ड होने पर जल्द होगा निर्णय– LDA, VC


लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने ट्रांसपोर्ट नगर व्यापार मण्डल एवं वेयर हाउस ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ की बैठक

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण की ट्रांसपोर्ट नगर योजना की सम्पत्तियों को पट्टे से फ्रीहोल्ड किये जाने पर जल्द निर्णय लिया जायेगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने सोमवार को ट्रांसपोर्ट नगर व्यापार मण्डल एवं वेयर हाउस ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें सम्पत्तियों के फ्रीहोल्ड किये जाने के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उपाध्यक्ष ने प्रतिनिधि मण्डल को आश्वसत किया कि शीघ्र की इस सम्बन्ध में अगली बैठक करके मसले पर निर्णय लिया जायेगा।

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने ट्रांसपोर्ट नगर योजना में लोगों को लीज पर भूखण्ड आवंटित किये थे। वहां के आवंटियों द्वारा लम्बे समय से यह मांग की जा रही है कि उनकी सम्पत्तियों को पट्टे से फ्रीहोल्ड किया जाये। इस प्रक्रिया को प्रारम्भ करने के बिन्दु पर संस्तुति देने हेतु उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने 09 सदस्यीय समिति गठित की थी।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि सोमवार को उपाध्यक्ष द्वारा उक्त समिति एवं ट्रांसपोर्ट नगर व्यापार मण्डल एवं वेयर हाउस ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा अन्य विकास प्राधिकरणों की भांति ट्रांसपोर्ट नगर, लखनऊ के भूखण्डों को भी फ्रीहोल्ड करने की मांग उठाई गई। इस पर उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि जल्द ही बैठक आहूत करके सम्पत्तियों के फ्रीहोल्ड किये जाने के सम्बन्ध में निर्णय लिया जायेगा।

बैठक में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, वित्त नियंत्रक दीपक कुमार, मुख्य नगर नियोजक नितिन मित्तल और नजूल अधिकारी अरविन्द त्रिपाठी समेत अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »