गोमतीनगर के विराज खण्ड में बने दुकानों/फ्लैटों का होगा कायाकल्प—VC



लखनऊ | गोमतीनगर के विराज खण्ड में निर्मित 32 भवनों व 33 दुकानों का कायाकल्प होगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने मंगलवार को परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को इस सम्बन्ध में दिशा निर्देश दिये।

इस मौके पर उपाध्यक्ष द्वारा उक्त सम्पत्तियों से सम्बन्धित पत्रावलियों के बारें में जानकारी मांगी गई। इस पर अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि निर्मित 32 भवनों की गणना कराई जा चुकी है, जबकि निर्मित 33 दुकानों की गणना किये जाने हेतु पत्रावली गणना विभाग को प्रेषित कर दी गई है। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवनों के बाहर मरम्मत, रंगाई-पुताई, वाटर सप्लाई व जल निकासी हेतु डाउनपाइप का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर इसे स्वीकृत कराकर कार्य शुरू कराया जाये।

भवनों के निरीक्षण उपरान्त उपाध्यक्ष द्वारा वहां निर्मित 33 दुकानों का मुआयना किया गया, जहां दुकानों की पार्किंग बनी हुई मिली। उपाध्यक्ष द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक पंक्ति में बनी दुकानों की छतों को मिलाकर ऊपर बैंक्वेट हाॅल बनाने का प्रस्ताव भवन उपविधि का अध्ययन करके तैयार कराया जाये। इसके अतिरिक्त उन्होंने वहां पर निर्मित चबूतरों के सम्बन्ध में निर्देश दिया कि स्थल की माप कराकर नियोजन किये जाने हेतु नियोजन विभाग को तत्काल विवरण उपलब्ध कराया जाये। इसी के साथ नियोजन विभाग से समन्वय स्थापित करके शीघ्र साइट प्लान तैयार कराकर गणना कराई जाये। गणना उपरान्त चबूतरों के निस्तारण नियमानुसार किये जाने हेतु सम्पत्ति विभाग को विवरण उपलब्ध कराया जाये।

इस मौके पर मुख्य अभियन्ता इंदुशेखर सिंह और अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह समेत अन्य सम्बन्धित अभियंतागण उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »