
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने जारी किए आदेश,
लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण व स्मारक समिति द्वारा अनुरक्षित पार्कों/स्मारकों का प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा प्रत्येक सप्ताह औचक निरीक्षण किया जाएगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। उन्होंने इसके लिए अलग-अलग अधिकारियों को नामित किया है। इन अधिकारियों द्वारा पार्कों/स्मारकों में किए जा रहे अनुरक्षण कार्यों का पर्यवेक्षण करने के साथ ही इनके प्रबन्धन को और प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव भी दिये जायेंगे।
एलडीए उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि नामित किए गए अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम एक बार पार्कों/स्मारकों का अनिवार्य रूप से आकस्मिक निरीक्षण करना होगा। जिसमें इनके द्वारा पार्कों/स्मारकों में तैनात माली, सुरक्षा गार्ड व सफाई कर्मी सहित अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच करनी होगी। निरीक्षण में निर्धारित मानकों के अनुसार पेड़-पौधों की स्थिति, घास कटिंग, साफ सफाई/ट्वायलेट, सिंचाई व निराई-गुड़ाई के कार्य, लाइट की व्यवस्था, सिविल कार्यों, पार्क में लगे खेल व अन्य उपकरणों, टिकट विक्रय और आय की स्थिति देखी जाएगी। उपाध्यक्ष ने बताया कि इसके अलावा प्राधिकरण ने जिन पार्कों का अनुरक्षण निजी एजेन्सियों को दिया है, उनमें यह देखा जाएगा कि एजेन्सी द्वारा नियत मानकों/शर्तों का पालन किया जा रहा है अथवा नहीं। उपाध्यक्ष द्वारा दिये गये आदेशों के क्रम में निरीक्षणकर्ता अधिकारियों को हर हफ्ते के निरीक्षण की रिपोर्ट उपाध्यक्ष व मुख्य अभियंता के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी।
उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि जनेश्वर मिश्र पार्क के लिए सचिव पवन कुमार गंगवार, गोमती नगर स्थित डा0 राम मनोहर लोहिया पार्क के लिए अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, कानपुर रोड योजना स्थित ज्योतिबा फूले जोनल पार्क व मल्टी एक्टीविटी सेन्टर के लिए अधीक्षण अभियन्ता अवधेश तिवारी, वनस्थली पार्क एवं स्मृति उपवन के लिए अधीक्ष्ज्ञण अभियन्ता जहीरूद्दीन, गौतम बुद्ध शांति उपवन पार्कों के लिए विशेष कार्याधिकारी अमित राठौर, वीरांगना ऊदा देवी पार्क, बेगम हजरत महल पार्क एवं शहीद स्मारक के लिए विशेष कार्याधिकारी राम शंकर, चैक स्थित बुद्धा पार्क व नींबू पार्क के लिए विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार और बसंत कुंज योजना स्थित जागर्स पार्क के लिए नजूल अधिकारी अरविन्द त्रिपाठी को निरीक्षणकर्ता अधिकारी के रूप में नामित किया गया है।
इसके अलावा स्मारक समिति द्वारा संचालित बौद्ध विहार शांति उपवन एवं मान्यवर श्री कांशीराम जी ग्रीन इको गार्डेन के लिए मुख्य अभियन्ता इन्दुशेखर सिंह, मान्यवर श्री कांशीराम जी सांस्कृतिक स्थल के लिए विशेष कार्याधिकारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह, डा0 भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल (आन्तरिक) के लिए मुख्य नगर नियोजक नितिन मित्तल और डा0 भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल (वाह्य) के लिए वित्त नियंत्रक दीपक कुमार को निरीक्षणकर्ता अधिकारी के रूप में नामित किया गया है।
https://rashtriyadinmaan.com
