एलडीए इस बार करीब 2 लाख पौधे लगाएगा


प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने सीजी सिटी स्थित ग्रीन बेल्ट की भूमि का किया निरीक्षण

लखनऊ |लखनऊ विकास प्राधिकरण इस बार वृहद स्तर पर पौधारोपण करेगा। इसके लिए स्थान चिन्हित किए जाने के साथ ही अन्य सम्बन्धित कार्यों पर योजना बननी शुरू हो गई है। इस क्रम में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने आज शुक्रवार को सीजी सिटी (चक गंजरिया) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां के ग्रीन बेल्ट एरिया व कनेक्टर पार्क का निरीक्षण करके पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन किया।

उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष शहर में लगभग 2 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर सीजी सिटी में अलग-अलग जगहों पर स्थित ग्रीन बेल्ट की खाली पड़ी जमीनों का मुआयना किया गया, जिसमें करीब 5 एकड़ की भूमि को पौधारोपण के लिए चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा प्राधिकरण के पास विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध ग्रीन बेल्ट की भूमि का ब्यौरा संकलित कर लिया गया है।

इन सभी जगहों का निरीक्षण करके अगले सप्ताह तक पौधारोपण की कार्य योजना तैयार कर ली जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता अवनीन्द्र कुमार सिंह, सहायक अभियन्ता रामकुमार वर्मा व सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »