बंगाल की खाड़ी में समुद्री लहरों के साथ भारतीय तट की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान गुरुवार को आंध्र प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। तूफान से पहले प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। लेकिन एक बात जो देखने वाली है वो यह कि तटीय क्षेत्रों में तूफान से पहले ऐसा सन्नाटा पसरा हुआ है, मानो कुछ हुआ ही नहीं हो। लोग बड़े आराम से बीच पर घूम रहे हैं और मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। प्रशासन ने समुद्र में मछलियां पकड़ने जाने वाले सभी मछुवारों को अगले एक सप्ताह तक समुद्र में जाने से रोक दिया है। कोस्टल पुलिस लगातार गश्त कर रही है। अपनी यात्रा पर निकल पड़े कई जहाज वापस लौट आये हैं और सेना के जो जहाज समुद्र के बीच में खड़े हैं, उन्हें भी प्रभावी इलाकों से हटा दिया गया है। मौसम का सन्नाटा साफ दर्शा रहा है कि गुरुवार की शाम भयावह होने वाली है। लिहाजा तटीय क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। सैंकड़ों घर खाली करा लिये गये हैं। अधिकारियों ने कहा कि तूफान गुरुवार को भारी नुकसान के साथ इसे पार कर सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा, “बेहद शक्तिशाली इस चक्रवाती तूफान का केंद्र मछलीपत्तनम के पूर्व-दक्षिणपूर्व से करीब 650 किलोमीटर और राज्य के काकीनाडा के पूर्व-दक्षिणपूर्व में 600 किलोमीटर आगे बना हुआ है।” 60 किलोमीटर प्रति घंटा से चलेगी आंधी आईएमडी के अनुसार चक्रवात पिछले छह घंटों के दौरान 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ा है। आईएमडी ने आंध्र प्रदेश और यनाम जिले में बुधवार शाम से भारी वर्षा या मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी, जिसके बाद बारिश तो शुरू हो गई, लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रित है। गुरुवार को जब तूफान आयेगा तब 45 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी आयेगी। करीब दो-तीन मीटर ऊंची उठ रही खगोलीय ज्वार लहरें पश्चिम और पूर्व गोदावरी, आंध्र और यनाम के गुंटूर और कृष्णा जिलों के निचले इलाकों को डुबो देंगी। लहर नामक यह तूफान आंध्र प्रदेश में दस्तक देने वाला एक महीने में दूसरा तूफान होगा। लहर के आने के पहले की तस्वीरें आप स्लाइडर में देख सकते हैं। पिछले सप्ताह मछलीपत्तनम के करीबी तट पर दस्तक देने वाले हेलेन छह लोगों की जान ली थी।
Tagged with: Main-Featured-Slider
https://rashtriyadinmaan.com
