नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट ने कई खिलाड़ी देखे जो आए और गए। कुछ मैदान छोड़कर कमेंटेटर बन गए, कुछ कोच बने, कुछ आराम फरमाने लगे तो कुछ क्रिकेट से जुड़े अन्य शौक पूरे करने लगे लेकिन इनमें से किसी की भी वो हस्ती बरकरार नहीं रही जो मैदान पर रहते वक्त हुआ करती थी। भारत ने गावस्कर, कपिल, द्रविड़, गांगुली और लक्ष्मण सरीखे कई क्रिकेटर देखे जो दिग्गज तो बने लेकिन क्रिकेट के बाद उनके लिए वो पूछ नजर नहीं आई जो सचिन तेंदुलकर की नजर आ रही है। वो कहीं भी जा रहे हैं, तो ना तो उनके पास फैंस की कमी रहती है और ना ही मीडिया व कैमरों की चमक। आए दिन अब भी वो किसी ना किसी ब्रान्ड इंडोर्समेंट या फिर प्रमोशन कार्यक्रम में व्यस्त हैं। सवाल यही है कि क्या कभी सचिन का जलवा खत्म होगा?
10 अक्टूबर को सचिन के संन्यास के ऐलान के बाद से हर जगह चर्चा हुई कि क्या ब्रान्ड के तौर पर मास्टर ब्लास्टर की हस्ती कभी कमजोर पड़ेगी? सचिन को टक्कर देने के लिए मैदान पर भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और भविष्य के कप्तान के तौर पर देखे जा रहे विराट कोहली मौजूद हैं। ये दोनों ही खिलाड़ी आज एड वर्ल्ड की आंखों के तारे हैं लेकिन मास्टर ब्लास्टर सचिन किसी भी लिहाज से अब भी इन युवा स्टार्स से पीछे नहीं रह रहे हैं। कांटे की टक्कर अब भी जारी है। उनके संन्यास के ऐलान के बाद से ज्यादातर एड गुरुओं व बाजार से जुड़े विशेषज्ञों का यही मानना था कि सचिन चाहे मैदान के अंदर हों या उससे दूर, उनकी पूछ खत्म नहीं होने वाली। बुधवार को छुंिट्टयां मना कर मसूरी से लौटने के बाद जब सचिन ने घर पर आराम फरमाया तो वो हमेशा की तरह कुछ ही पलों का था, क्योंकि उनके पास अब भी काम की कमी नहीं थी और मीडिया व कंपनियों की पूछ अब भी जारी थी। सचिन सीधे पहुंचे एक कमर्शियल वेबसाइट की लॉन्च पर जिसने मास्टर ब्लास्टर से अपनी नई कंपनी का अनावरण करवाया, इसके बाद ठीक अगले दिन गुरुवार को उन्हें यूनीसेफ ने एक खास समारोह में बुलाया जहां उन्हें यूनीसेफ के साउथ एशिया के ब्रान्ड एंबेसडर के तौर पर नियुक्त किया गया।
सचिन के नाम के साथ अब ‘पूर्व’ भारतीय क्रिकेटर जुड़ चुका है, लेकिन अब भी वो जलवा कायम है। ना तो उनसे जुड़ी कोई भी कंपनी फिलहाल उन्हें अपने ब्रान्ड से दूर करने के मूड में है और ना आगे इसके आसार नजर आ रहे हैं। जब सचिन बुधवार और गुरुवार को पहली बार एक ‘पुराने’ क्रिकेटर के तौर पर सामने आए तब भी मीडिया की भीड़ उतनी ही थी जितनी पहले हुआ करती थी, कैमरों की चमक भी उतनी ही थी और उनकी झलक पाने के लिए फैंस में मची होड़ भी। अगर सचिन के मौजूदा ब्रान्ड लिस्ट की बात की जाए तो वो इस समय 10 से ज्यादा ब्रान्डों से जुड़े हुए हैं। उनके संन्यास के ऐलान के बाद ही इन सभी कंपनियों ने साफ कर दिया था कि सचिन को वो अपनी कंपनी से आगे भी जोड़े रखेंगे। इसके अलावा तमाम एनजीओ व चैरिटी संस्थाओं से भी वो जुड़े हुए हैं और युवाओं व भारतीय फैंस को प्रेरित करने का सिलसिला उन्होंने वैसे ही जारी रखा है जैसा कि पहले था।
https://rashtriyadinmaan.com
