
दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5G सर्विस की शुरुआत कर दी है. इस पल को देश भर के लिए ऐतिहासिक बताया जा रहा है. भारत ने टेक्नोलॉजी (New Technology) के एक नए युग में प्रवेश कर लिया है. 5G सर्विस देश को तेज रफ्तार के साथ नई पहचान देने में मदद दिलाएगी.
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (1 अक्टूबर) को दिल्ली के प्रगति मैदान में छठी इंडिया मोबाइल कांग्रेस का उद्घाटन किया और 5जी सेवाओं की शुरुआत की. उन्होंने प्रगति मैदान में प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया. 5G दूरसंचार सेवाएं देशभर में कवरेज, हाय डाटा रेट और तेजी देगी.
देश के तीन प्रमुख दूरसंचार ऑपरेटरों ने भारत में 5G तकनीक की क्षमता दिखाने के लिए प्रधानमंत्री के सामने कई तकनीकों का प्रदर्शन किया. प्रदर्शनी में पीएम के सामने हाई-सिक्योरिटी राउटर, साइबर थ्रेट डिटेक्शन प्लेटफॉर्म, अंबुपॉड जैसी 5G तकनीकों का अनुभव कराया गया.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने इस दौरान कहा कि उन्हें बेहद गर्व है. भारतीय मोबाइल कांग्रेस को अब एशियन मोबाइल कांग्रेस और ग्लोबल मोबाइल कांग्रेस बनना चाहिए. साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि दिसंबर 2023 तक देश के हर तालुका तक जियो 5G की सेवा पहुंच जाएगी.
आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि टेलीकम्युनिकेशन इंडस्ट्री 1.3 अरब भारतीयों और हजारों उद्यमों के डिजिटल सपनों को और प्रज्वलित करेगा. यह देश के लिए अगले तीन सालों में एक ट्रिलियन डॉलर के योगदान के साथ 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लिए मंच तैयार करेगा.
https://rashtriyadinmaan.com
