LDA दिवस/जनता अदालत में 12 प्रकरणों का मौके पर हुआ निस्तारण


लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने जन सामान्य की समस्याओं को सुना

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा जन सामान्य एवं आवंटियों की समस्याओं एवं उनके कार्यों को त्वरित गति से शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किये जाने हेतु दिए गए निर्देशों के क्रम में गुरूवार को प्राधिकरण भवन के मसऊद सभागार “प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत“ का आयोजन किया गया।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार द्वारा जनता अदालत में स्वयं उपस्थित होकर जन सामान्य की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना गया। इस दौरान नेपियर रोड कालोनी निवासी अरविंद कुमार सिंह ने मकान की रजिस्ट्री के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित अधिकारी को 7 दिनों में कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिये। इसी तरह मिर्जापुर निवासी जाहिदा बेगम ने जानकीपुरम विस्तार के सेक्टर-जे में उन्हें आवंटित भूखण्ड की रजिस्ट्री के लिए आवेदन किया, जिस पर उपाध्यक्ष ने 7 दिन में कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त चौक निवासी सुनील कुमार सिंह ने सराय माली खां, हरदोई रोड स्थित नजूल भूमि पर अवैध कब्जे के सम्बंध में शिकायत की, जिस पर उपाध्यक्ष द्वारा प्रश्नगत स्थल के निरीक्षण व अभिलेखों के परीक्षण के लिए तत्काल टीम गठित की गयी। इसके अलावा मालवीय गंज निवासी एस0सी0 मेहरोत्रा ने बसंतकुंज योजना के सेक्टर-एन में भूखण्ड की रजिस्ट्री के लिए प्रार्थना दिया, जिस पर उपाध्यक्ष ने 7 दिन के अंदर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए।

अपर सचिव ने बताया कि जनता अदालत में रजिस्ट्री, फ्री-होल्ड, सीमांकन, कब्जे व एनओसी आदि से सम्बंधित कुल 40 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं, शेष प्रकरणों के निस्तारण के सम्बंध में उपाध्यक्ष महोदय द्वारा समय सीमा निर्धारित करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है।

इस मौके पर वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, जोनल अधिकारी अरुण कुमार सिंह, श्रद्धा चैधरी, नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी, उप सचिव माधवेश कुमार, तहसीलदार शशिभूषण पाठक समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »