LDA , VC कानपुर रोड योजना अन्नपूर्णा काॅम्पलेक्स में खामियां मिलने पर नाराज , अवर अभियंता को कारण बताओं नोटिस


लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने पूर्वा अपार्टमेंट व अन्नपूर्णा काॅम्पलेक्स का किया निरीक्षण ,काॅम्पलेक्स की दुकानों में अनाधिकृत रूप से अध्यासित मिले लोग, पार्किंग में खड़ी थी कंडम गाड़ियां, उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को लगायी फटकार

उपाध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से अवैध कब्जों को हटाकर रिक्त दुकानों को विक्रय के लिए आगामी नीलामी में लगाने के दिये निर्देश

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शुक्रवार को कानपुर रोड योजना स्थित पूर्वा अपार्टमेंट व अन्नपूर्णा काॅम्पलेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान काॅम्पलेक्स में अव्यवस्थाएं व अवैध कब्जे मिलने पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कड़ा रूख अपनाया। उन्होंने सम्बंधित अवर अभियंता को कारण बताओ नोटिस देते हुए परिसर में व्याप्त खामियों को सही करानेे के निर्देश दिये हैं। उपाध्यक्ष ने कहा कि काॅम्पलेक्स की दुकानों से तत्काल अवैध कब्जे हटायें जाएं तथा रिक्त दुकानों को विक्रय के लिए आगामी नीलामी में लगाया जाए।

अधिशासी अभियंता के0के0 बंसला ने बताया कि उपाध्यक्ष महोदय द्वारा सर्वप्रथम पूर्वा अपार्टमेंट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने आवंटियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना। इस क्रम में उपाध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया कि अपार्टमेंट में कूड़ा प्रबंधन का कार्य ठीक से कराया जाए, जिसके लिए काॅमन एरिया में बड़े डस्टबिन रखे जाएं। इसके अलावा उन्होंने अध्यासित फ्लैटों में पीएनजी कनेक्शन दिये जाने के सम्बंध में निर्देश दिये। निरीक्षण में कुछ फ्लैटों में सीपेज की समस्या पायी गयी, जिसे उपाध्यक्ष ने तत्काल सही कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गैलरी में लगी लाइटों, बिजली के तारों, पैनल आदि को सुव्यवस्थित कराकर अपार्टमेंट का फायर आॅडिट करा लिया जाए। उपाध्यक्ष ने अपार्टमेंट के सामने पटरी पर अतिक्रमण करके अस्थायी रूप से बनी अवैध दुकानों को हटाने तथा सूचना बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिये।

इसके बाद उन्होंने अन्नपूर्णा कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया, जिसमें पार्किंग एरिया में काफी मात्रा में कंडम/कबाड़ गाड़ियां खड़ी मिलीं, जिसे उपाध्यक्ष ने हटवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कैम्पस में जगह-जगह फैले कूड़े व गंदगी को तुंरत हटवाकर पार्किंग को टेंडर कराकर संचालित कराये जाए, जिससे प्राधिकरण की आय भी होगी और अवैध कब्जे भी नहीं होंगे। निरीक्षण में पाया गया कि कुछ दुकानों में अवैध कब्जे हैं, जहां लोग अनाधिकृत रूप से रह रहे हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने सर्वे कराकर दुकानों को खाली कराने तथा रिक्त दुकानों एवं हाॅल को विक्रय के लिए आगामी नीलामी में लगाने के निर्देश दिये। निरीक्षण में विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी, अभियंत्रण खण्ड-2 के अवर अभियंता लल्लन प्रसाद, एस0के0 सिंह व सम्बंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »