
लखनऊ| लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माण/अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम द्वारा अवैध प्लाटिंग व रो-हाउसेस समेत पांच स्थलों पर अवैध निर्माण सील किये गये।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि सी0डी0 यादव, गया प्रसाद, संतोष कुमार, गुड्डू, धर्मेन्द्र तथा दीपक कुमार द्वारा मेसर्स ओमैक्स गर्व बिल्डटेक प्रा0लि0 की टाउनशिप के अंतर्गत खसरा संख्या-2627क, 2635ग, कल्ली पश्चिम में लगभग 40,000 वर्गफुट क्षेत्रफल में अलग-अलग भूखण्ड सृजित करते हुए बाउंड्रीवाॅल, कार्यालय तथा सड़क आदि का निर्माण किया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-439/2022 योजित किया गया था। उक्त प्रकरण में विपक्षी द्वारा कोई स्वीकृत मानचित्र/साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया, जिस पर प्रश्नगत स्थल को सील करने के आदेश पारित किये गये थे।
इसके अतिरिक्त अनिल कुमार गुप्ता द्वारा भूखण्ड संख्या-सी0एस0-4, सेक्टर-जे, आशियाना, कानपुर रोड पर लगभग 388.57 वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत सेटबैक को आच्छादित करते हुए बेसमेंट समेत चार मंजिल तक निर्माण कराया गया था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-228/2021 योजित करते हुए परिसर को सील करने के आदेश पारित किये गये थे।
वहीं, चन्द्र प्रकाश शुक्ला द्वारा भूखण्ड संख्या-बी-1/2, रूचिखण्ड-1, शारदानगर योजना में 288 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट एवं तीन मंजिल तक अवैध रूप से व्यवसायिक निर्माण कराया गया था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-515/2022 योजित करते हुए परिसर को सील करने के आदेश पारित किये गये थे।
इसी तरह बबलू कुमार द्वारा बिजनौर रोड पर राॅयल सिटी, करन ट्रेडर्स के पास लगभग 1800 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराये बेसमेंट तथा भूतल का निर्माण कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-173/2022 योजित करते हुए भवन को सील करने के आदेश पारित किये गये थे।
इसके अतिरिक्त आर0के0 सिंह, राम आशीष, कैप्टन ए0के0 सिंह द्वारा औरंगाबाद जागीर, राॅयल सिटी, शारदानगर विस्तार, बिजनौर रोड पर लगभग ढाई बीघा जमीन पर प्लाटिंग के साथ ही रो-हाउसेस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। जिसके खिलाफ विहित न्यायालय में वाद संख्या-447/2022 योजित करते हुए प्रश्नगत स्थल को सील करने के आदेश पारित किये गये थे।
उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता एन0एन0 चैबे व बिजेन्द्र सिंह द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से इन सभी स्थलों को सील करते हुए पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया। कार्यवाही के दौरान प्रवर्तन की टीम द्वारा सभी जगहों पर माइक से अनाउंसमेंट करते हुए जन सामान्य को इन अवैध स्थलों पर सम्पत्ति क्रय न करने के सम्बंध में जागरूक किया गया।
https://rashtriyadinmaan.com
