एलडीए ने दिया खुला मंच तो बच्चों व युवाओं ने दिखाये अपने हुनर


लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित राहगीरी कार्यक्रम के तीसरे दिन कलाकारों ने गीत-संगीत से श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से 1090 चौराहे पर आयोजित राहगीरी कार्यक्रम के तीसरे दिन सोमवार को एक बार फिर गीत-संगीत की महफिल सजी, जिसमें प्रोफेशनल कलाकारों के अलावा कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों व युवाओं को भी परफार्म करने के लिए खुला मंच दिया गया। इस अवसर पर क्विज कान्टेशट का भी आयोजन किया गया, जिसमें हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जी-20 शिखर सम्मेलन व ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के प्रमोशन के उद्देश्य से प्राधिकरण द्वारा राहगीरी कार्यक्रम की शुरूआत की गयी है। इसके अंतर्गत 4 फरवरी से लेकर 8 फरवरी तक 1090 चौराहे पर विभिन्न तरह के सांस्कृतिक एवं रंगारंग आयोजन किये जा रहे हैं। ये आयोजन हर आयु वर्ग के लोगों के लिए खास हैं और इसमें कुछ नया करने और सीखने के लिए अलग-अलग चीजें शामिल हैं। उपाध्यक्ष ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह से आम जनता के लिए समर्पित है और इसमें किसी भी तरह का कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

सोमवार को कार्यक्रम के दौरान वी.के. म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों द्वारा एक के बाद एक शानदार प्रस्तुति दी गयी। इस दौरान गायक अजय चैहान ने नफरत की लाठी तोड़ों.. गीत गाकर एकजुटता का संदेश दिया। वहीं, गायक विष्णु तिवारी ने मेरा करमा तू.. और संदेशे आते हैं.. सरीखे गाने गाकर माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके बाद गायक संजय सोनी ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों छूकर मेरे मन को… और ओ हंसिनी कहां उड़ चली.. सरीखे गीत गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा गायकों ने नये जमाने के यूथ फेवरेट गाने गाकर लोगों की तालियां बटोरी। इस दौरान बैंड के कलाकारों अमन, अवधेश, रिंकू और विवेक ने म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट पर गायकों का साथ दिया। इस बीच कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित बच्चों व युवाओं को भी स्टेज पर परफार्म करने का मौका दिया गया, जिसमें किसी ने गीत गाकर तो किसी ने डांस पर अपना हुनर दिखाया।


Scroll To Top
Translate »