LDA ,VC ने ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के अंतर्गत निवेश के एम0ओ0यू0 साइन करने वाले निजी विकासकर्ताओं के साथ की बैठक,एन0ओ0सी0 आदि की अड़चनों को किया दूर


उपाध्यक्ष ने परियोजना वार कार्यों की प्रगति की समीक्षा

परचेसेबल एफ0ए0आर वाले प्रोजेक्टों के लिए जल्द आयोजित की जाएगी टेक्निकल कमेटी की बैठक

लखनऊ| लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत लखनऊ के रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश के एम0ओ0यू0 साइन करने वाले समस्त निजी विकासकर्ताओं के साथ शनिवार को प्राधिकरण भवन में एक अहम बैठक की। इस दौरान उपाध्यक्ष ने निवेशकों से सीधा संवाद करते हुए उनकी परियोजनाओं में आ रही एन0ओ0सी0 आदि की अड़चनों को दूर किया। साथ ही क्रियान्वित की जाने वाली परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के सम्बंध में टाइम लाइन भी निर्धारित किया।

बैठक के दौरान उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने सभी विकासकर्ताओं के प्रोजेक्ट्स की प्रगति की बारी-बारी समीक्षा की। इसमें अधिकांश निवेशकों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके प्रोजेक्ट का मानचित्र/लाइसेंस स्वीकृत हो चुका है और स्थल पर कार्य शुरू हो गया है। वहीं, कुछ विकासकर्ताओं ने बताया कि एन0ओ0सी0 न मिलने से प्रोजेक्ट शुरू होने में विलम्ब हो रहा है। इस पर उपाध्यक्ष ने ऐसे प्रकरणों को सूचीबद्ध करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अर्जन, नजूल व भू-उपयोग आदि से सम्बंधित जो एन0ओ0सी0 प्राधिकरण द्वारा दी जानी है, इन्हें एक सप्ताह के अंदर परीक्षण करके जारी कर दिया जाए। इसके अतिरिक्त नगर निगम, फायर व प्रदूषण बोर्ड आदि की एन0ओ0सी0 शीघ्र निष्पादित कराने के लिए सम्बंधित विभागों को पत्र लिखा जाए। उन्होंने विकासकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपनी परियोजना के लिए वांछित समस्त देय शुल्क शीघ्र जमा करवा दें।

साॅफ्टवेयर के प्रतिनिधियों को किया तलब
बैठक में उपाध्यक्ष के संज्ञान में लाया गया कि तीन प्रोजेक्ट्स में परचेसेबल एफ0ए0आर0 के लिए आवेदन किया गया है, जिसमें टेक्निकल कमेटी के निर्णय के बाद ही काम शुरू हो पायेगा। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 14 मार्च को टेक्निकल कमेटी की बैठक आयोजित करके तीनों प्रकरण निस्तारित किये जाएं। इस बीच कुछ विकासकर्ताओं द्वारा बताया गया कि ओ0बी0पी0एस0 (आॅनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम) की खामियों के चलते बार-बार संशोधन होने से मानचित्र स्वीकृत होने में देरी हो रही है। इस पर उपाध्यक्ष ने साॅफ्टवेयर के प्रतिनिधियों को तलब करके कार्य को सुचारू करने के निर्देश दिये।

नियोजित क्षेत्र के आसपास अवैध निर्माण पर तुरंत कार्यवाही
उपाध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि जिन टाउनशिप का लाइसेंस प्राधिकरण द्वारा जारी किया जा रहा है, उसके आसपास किसी भी तरह के अवैध निर्माण/अवैध प्लाटिंग की शिकायत पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि नियोजित क्षेत्र के आसपास किसी भी तरह का अवैध निर्माण/अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपाध्यक्ष ने विकासकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि अगर प्राधिकरण का कोई भी अधिकारी, अभियंता या कर्मचारी परियोजना से सम्बंधित कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित कर रहा है तो तत्काल उनसे शिकायत करें। बैठक में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा व अधिशासी अभियंता संजय जिंदल व अतुल शर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »