
लखनऊ| लखनऊ विकास प्राधिकरण में आज वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांगजन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने जन सामान्य की समस्याओं को सुना और इनके समयबद्ध निस्तारण के सम्बंध अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए बार-बार आकर विभिन्न पटलों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें मानसिक एवं शारीरिक परेशानी होती है। इसके लिए उपाध्यक्ष द्वारा प्रत्येक माह के चतुर्थ बृहस्पतिवार को इस विशेष शिविर की व्यवस्था की गई है। आज शिविर के दौरान जानकीपुरम के सेक्टर-जे निवासी राजीव कुमार मिश्रा द्वारा चालान सत्यापन कर रजिस्ट्री कराने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर उपाध्यक्ष महोदय द्वारा कार्यवाही में देरी पर सम्बंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए प्रकरण को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिये गये।
इस क्रम में गोमती नगर के विश्वास खण्ड निवासी देवव्रत मिश्रा द्वारा अवैध निर्माण के सम्बंध में शिकायत की गयी, जिस पर उपाध्यक्ष ने प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह को दो दिन में स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त बालागंज स्थित जल निगम रोड निवासी अर्चना अग्निहोत्री द्वारा मृतक आश्रित देयकों का भुगतान किये जाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर उपाध्यक्ष ने प्रभारी (अधिष्ठान) को कमेटी हाॅल में बुलाकर तत्काल प्रकरण का निस्तारण करने के आदेश दिये। इसके अलावा गोमती नगर के विनीत खण्ड निवासी रमेश पोपरानी ने भूखण्ड के अतिरिक्त भूमि के निबंधन के सम्बंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर उपाध्यक्ष ने उप सचिव माधवेश कुमार को तीन दिन में स्वीकृति लेकर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिये।
अ
पर सचिव ने बताया कि आज शिविर मेें कुल 32 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 08 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष प्रकरणों के निस्तारण के सम्बंध में समय सीमा निर्धारित करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है। शिविर में वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी, विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार, देवांश त्रिवेदी, डिप्टी कलेक्टर श्रद्धा चौधरी, उप सचिव माधवेश कुमार एवं तहसीलदार शशिभूषण पाठक समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
