गोमती नगर से लेकर डालीगंज तक 09 साइटों पर चल रहे कार्यों का मुआयना किया

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा व विशेष कार्याधिकारी प्रिया सिंह ने शुक्रवार को गोमती रिवर फ्रंट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हॉर्टिकल्चर के कार्यों की समीक्षा की और खामियों को चिन्हित करते हुए व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि दिनांक-09.05.2023 को उपाध्यक्ष द्वारा हॉर्टिकल्चर के कार्यों के सम्बंध में समीक्षा बैठक की गई थी। जिसमें उपाध्यक्ष ने गोमती रिवर फ्रंट में पेड़-पौधों की सिंचाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एक सप्ताह में व्यवस्था को दुरूस्त करने का अल्टीमेटम दिया था। इस दौरान उपाध्यक्ष ने यह भी निर्देश दिए थे कि अब से हॉर्टिकल्चर के कार्यों का प्रत्येक माह सत्यापन कराया जाए।
इसके अनुपालन में आज अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा और विशेष कार्याधिकारी प्रिया सिंह ने रिवर फ्रंट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोमती नगर से लेकर डालीगंज तक 09 साइटों पर चल रहे कार्यों का मुआयना किया। निरीक्षण में कुछ स्थानों पर कूड़ा-गंदगी पायी गयी तथा कुछ स्थानों पर निराई-गुड़ाई, घास की कटाई और सिंचाई के कार्य में खामियां मिली। इस पर अपर सचिव ने चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि कमियों को ससमय ठीक करा लिया जाए। 20 मई को उपाध्यक्ष द्वारा रिवर फ्रंट का निरीक्षण किया जाएगा। तब किसी तरह की लापरवाही सामने आयी तो सम्बंधित कार्यदायी संस्था/ठेकेदार का टेंडर निरस्त करके फर्म को तीन वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता राजकुमार और सहायक उद्यान अधिकारी मोहम्मद इमरान समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
