हेरिटेज जोन की इमारतों में फसाड लाइटिंग के कार्य में देरी पर उपाध्यक्ष ने ठेकेदार को लगाई फटकार, अब कार्य में विलम्ब हुआ तो कार्यदायी संस्था पर 5 लाख रूपये तक का लगेगा जुर्माना


एक माह में तैयार होगा फ्रेगरेंस पार्क का स्ट्रक्चर, जल्द खुशबूदार फूलों से होगा गुलजार

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने विकास/सौंदर्यीकरण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में कार्यों को पूर्ण करने की समय सीमा की निर्धारित

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने मंगलवार को विकास/सौंदर्यीकरण परियोजनाओं की प्रगति के सम्बंध में समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि हेरिटेज जोन में बनाये जा रहे फ्रेगरेंस पार्क का स्ट्रक्चरल वर्क एक महीने में पूरा करा लिया जाए, जिससे कि हाॅर्टिकल्चर का कार्य शीघ्र्र शुरू कराकर ससमय पूरा कराया जा सके। उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्क में बाउंड्रीवाॅल, पाथ-वे, ओपर एयर थियेटर व गेट आदि का निर्माण ड्राइंग के आधार पर ही कराया जाए।

इसके अलावा हेरिटेज जोन की इमारतों में कराये जा रहे फसाड लाइटिंग के कार्य में देरी होने पर उपाध्यक्ष ने ठेकेदार को फटकार लगायी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अब कार्य में विलम्ब हुआ तो कार्यदायी संस्था पर 5 लाख रूपये तक का जुर्माना लगाया जाए। वहीं, सम्बंधित इमारतों में विद्युत कनेक्शन के सम्बंध में उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि इन इमारतों का अनुरक्षण करने वाले विभाग/ट्रस्ट के नाम से ही विद्युत कनेक्शन लिया जाए। 

 इस क्रम में उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल व ग्रीन काॅरिडोर प्रोजेक्ट की भी समीक्षा की, जिसमें कार्य की प्रगति संतोषजनक पायी गयी। वहीं, बसंतकुंज योजना में नये बनाये जा रहे 4512 प्रधानमंत्री आवासों के सम्बंध में उपाध्यक्ष ने ठेकेदारों को हिदायत दी कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह 25 मई को योजना का निरीक्षण करेंगे, इसमें अगर कार्य की प्रगति व गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पायी गयी तो सम्बंधित फर्म के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उपाध्यक्ष ने ड्रेनेज सम्बंधी कार्यों के सम्बंध में अधिकारियों को निर्देशित कि समस्त कार्य बारिश से पहले हर हाल में पूर्ण करा लिया जाएं। 

 बैठक में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, अधीक्षण अभियंता ए0के0 सिंह, अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह, संजीव गुप्ता, मनोज सागर, के0के0 बंसला, नवनीत शर्मा, राजकुमार, पीआईयू के सदस्य ए0के0 सिंह सेंगर समेत अन्य अभियंता व ठेकेदार उपस्थित रहे।

Scroll To Top
Translate »