मुख्यमंत्री योगी ने केन्द्र व राज्य स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया


मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह-2023’,10 मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक,  एक-एक टैबलेट, प्रशस्ति पत्र तथा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया

1745 मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान एवं टैबलेट वितरण तथा 18 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के भवनों व 125 विज्ञान प्रयोगशालाओं का लोकार्पण किया

लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि शिक्षा केवल डिग्री अथवा सर्टिफिकेट प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सम्पूर्ण व्यक्तित्व के निर्माण का माध्यम है। परीक्षा का मतलब विद्यार्थी को परेशान करना नहीं है। यह उनके सामान्य मूल्यांकन का आधार है। विद्यार्थी की क्षमता व योग्यता को सामान्य परिस्थिति में प्रदर्शन के आधार पर देखा जा सकता है। इसकी पहली शर्त पारदर्शी, शुचितापूर्ण तथा नकलविहीन परीक्षा है। प्रश्नपत्र बहुत कठिन न होकर सामान्य प्रकृति का होना चाहिए। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद देश के विभिन्न राज्यों में सबसे बड़ा बोर्ड है। प्रतिवर्ष लगभग 56 लाख छात्र-छात्राएं हाई स्कूल तथा इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में भाग लेते हैं।
मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में ‘मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह-2023’ के अन्तर्गत केन्द्र व राज्य स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने वाले 1745 मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान एवं टैबलेट वितरण तथा 18 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के भवनों व 125 विज्ञान प्रयोगशालाओं के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इनमें उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज, उ0प्र0 माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद लखनऊ, काउन्सिल फॉर दि इण्डियन स्कूल सर्टिफिकेट्स एग्जामिनेशन नई दिल्ली तथा केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड नई दिल्ली के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। यह समारोह माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 10 मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक,  एक-एक टैबलेट, प्रशस्ति पत्र तथा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने 18 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के भवनों व 125 विज्ञान प्रयोगशालाओं का लोकार्पण तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा तैयार की गई विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी विषयों की शिक्षक संदर्शिका का विमोचन किया। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियों पर लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
मुख्यमंत्री ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं तथा मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नकल, मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के हक पर डकैती डालने जैसा है। यह अन्य लोगों को भी अनैतिक तरीके अपनाने को प्रेरित करती है। नकल माफिया समाज के सबसे बड़े दुश्मन हैं, जो विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करके शिक्षण संस्थानों को अपवित्र करते हैं। ऐसे लोगोंं का सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए तथा प्रशासन को इनसे सख्ती से निपटना चाहिए। आज से लगभग 06 वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद नकल के लिए बदनाम था। धीरे-धीरे इसमें सुधार हुआ। नकल बन्द हुई। सामूहिक नकल के मामलों पर केन्द्रों को डिबार किया गया। प्रबन्धक, प्रधानाचार्य, व्यवस्थापक तथा जिला विद्यालय निरीक्षक को इसके लिए जिम्मेदार बनाया गया। सख्त कार्यवाही की गई। मुख्यमंत्री जी ने साफ-सुथरे माहौल में, उन्मुक्त और भयमुक्त वातावरण में नकल विहीन परीक्षाएं कराने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल हम तभी रोक सकते हैं, जब पर्याप्त संख्या में शिक्षक हों, वे समय पर विद्यालय जाएं तथा कक्षाएं लें, जहां शिक्षकों की कमी है, वहां उनकी नई तैनाती की व्यवस्था हो। विद्यालयों में विज्ञान, गणित तथा अंग्रेजी के शिक्षक अनिवार्य रूप से होने चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विगत 06 वर्षों में पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से 01 लाख 62 हजार से ज्यादा शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड या बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में नियुक्त किया गया। शिक्षकों की इतने बड़े स्तर पर सरकारी नियुक्ति देश के किसी अन्य राज्य में नहीं हुई। संस्कृत बोर्ड के विद्यालयों में भी पठन-पाठन का माहौल बनाने के लिए मानदेय पर शिक्षकों को रखा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले परीक्षा लेने, परिणाम आने तथा नये सत्र में प्रवेश में लम्बा समय लगता था। पठन-पाठन के लिए बहुत कम समय मिलता था। उस समय उन्होंने माध्यमिक शिक्षा विभाग को परीक्षा लेने तथा परिणाम आने के कार्यों को एक माह में पूरा करने का लक्ष्य दिया था। अब उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 15 दिनों के अन्दर परीक्षाएं सम्पन्न कराते हुए 14 दिनों में परिणाम घोषित किया है। देश में यह प्रथम बार हुआ है। अब नया सत्र भी समय से प्रारम्भ हो जाएगा। इस वर्ष परीक्षा की शुरुआत में कोविड महामारी की चौथी लहर का खतरा सामने था। इसी दौरान प्रदेश में नगर निकायों के चुनाव भी शुरू हुए। पूरी सतर्कता के साथ सकुशल और समय पर परीक्षा कार्य सम्पन्न हुए। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के परिणाम आने के बाद अन्य बोर्डों के परिणाम आये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा से जुड़े बच्चों का यह अधिकार है कि वे टेक्नोलॉजी का प्रयोग करना सीखें। सरकार के साथ प्रबन्धन का भी दायित्व बनता है कि उन्हें इसके लिए अनुकूल माहौल दें। सरकार ने इसके लिए अपने स्तर पर प्रयास प्रारम्भ किए हैं। तकनीकी दृष्टि से सक्षम बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 02 करोड़ युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे शासन की योजनाओं के साथ जुड़ सकें। इसके माध्यम से युवाओं को शासन की योजनाओं से अवगत कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री स्टार्टअप योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से जुड़ने में यह टैबलेट/स्मार्टफोन उपयोगी साबित होंगे। बालिकाएं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगी। विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालयों को भी सरकारी योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए। योजनाओं के बारे में जानकारी से रास्ता आसान हो जाता है। टैबलेट/स्मार्टफोन इस बारे में गाइड का कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2020 में कोरोना के कारण लॉकडाउन लगने पर उत्तर प्रदेश के लगभग 15 हजार बच्चे कोटा, राजस्थान में फंस गये थे। स्पेशल बसें भेजकर उनको वहां से सुरक्षित वापस लाया गया। जनपद प्रयागराज में फंसे बच्चों को भी उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों द्वारा उनके घरों तक सुरक्षित पहुंचाने का कार्य किया गया। उस समय प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग शुरू करने का निर्णय लिया गया। अभ्युदय का शाब्दिक अर्थ सांसारिक उत्कर्ष होता है। इस कोचिंग से सांसारिक उत्कर्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। यू0पी0एस0सी0 या यू0पी0पी0एस0सी0 आदि विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को सफल अभ्यर्थियों द्वारा कोचिंग प्रदान की जाती है। यह सफल अभ्यर्थी आई0ए0एस0/ पी0सी0एस0 आदि परीक्षाओं को उत्तीर्ण कर जनपद में विभिन्न पदों पर कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के छात्र-छात्राओं ने देश में अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं में स्थान बनाना प्रारम्भ कर दिया है। कल घोषित हुए नीट के परिणाम में भी उत्तर प्रदेश के छात्रों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इस दृष्टि से अभी और अच्छे प्रयास किये जाने आवश्यक हैं। विद्यार्थियों का विद्यालय पाठ्यक्रम के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में मार्गदर्शन करना होगा। अभ्युदय कोचिंग इसमें गाइड का कार्य करेगी।

ज्ञातव्य है कि प्रदेश के समस्त जनपदों में समारोह का ऑनलाइन माध्यम से प्रसारण किया गया। जनपदों में प्रभारी मंत्री/जनप्रतिनिधिगण/जिलाधिकारी की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज की हाई स्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षा में प्रदेश स्तर से 06 से 10 स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह, मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव वित्त, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा श्री दीपक कुमार, महानिदेशक स्कूल शिक्षा श्री विजय किरन आनन्द सहित माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, मेधावी छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण तथा शिक्षक उपस्थित थे।


Scroll To Top
Translate »