एलडीए की बेशकीमती सम्पत्तियों की फर्जी रजिस्ट्री करने वाला बाबू बर्खास्त


 लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर की कार्यवाही

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण की बेशकीमती सम्पत्तियों की फर्जी रजिस्ट्री करने वाले निलम्बित कनिष्ठ लिपिक पवन कुमार को बर्खास्त कर दिया गया। आरोपी बाबू के खिलाफ करायी गयी विभागीय जांच में आरोप सही पाये जाने पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बुधवार को उसकी बर्खास्तगी के आदेश जारी कर दिये।

      अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि कनिष्ठ लिपिक पवन कुमार को प्राधिकरण की गोमती नगर एवं गोमती नगर विस्तार योजना तथा कैलाश कुंज योजना आदि की सम्पत्तियों के निबंधन का कार्य सौंपा गया था। इस दौरान पवन कुमार द्वारा बाहरी व्यक्तियों के साथ दुरभिसन्धि करते हुए विनम्रखण्ड, वास्तुखण्ड, विकल्पखण्ड, विराजखण्ड, विभूतिखण्ड तथा विनीतखण्ड के बेशकीमती भवन/भूखण्डों की फर्जी रजिस्ट्री करायी गयी। इसके लिए पवन कुमार ने इन सम्पत्तियों की मूल पत्रावलियों को कार्यालय से गायब कर दिया तथा रजिस्ट्री के कूटरचित दस्तावेजों पर प्राधिकरण के अधिकारियों/कर्मचारियों के जाली हस्ताक्षर बनाये। पवन कुमार द्वारा रजिस्ट्री के दौरान उपनिबंधक सदर-द्वितीय कार्यालय में पहचान कर्ता-द्वितीय के रूप में अपना नाम पंजीकृत कराया गया।

     अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि पवन कुमार के इस कृत्य से प्राधिकरण की बहुमूल्य सम्पत्तियों को नुकसान पहुंचा तथा आम जनता में प्राधिकरण की छवि धूमिल हुई। इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर कनिष्ठ लिपिक पवन कुमार को निलम्बित करते हुए विभागीय जांच प्रचलित की गयी थी। जांच में आरोप सही साबित होने पर इसकी रिपोर्ट उपाध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत की गयी थी, जिसके आधार पर उपाध्यक्ष ने उसे बर्खास्त कर दिया।

                                                       :::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::

प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत का आयोजन कल

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देशानुसार जन सामान्य की समस्याओं की सुनवाई व निराकरण के लिए कल दिनांक-15.06.2023 को गोमती नगर के विपिन खण्ड स्थित प्राधिकरण भवन में प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत का आयोजन सुबह  10ः00 बजे से दोपहर 2ः00 बजे तक किया जाएगा।


Scroll To Top
Translate »