अहमदाबाद। वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी की गांधीनगर से लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद नरेंद्र मोदी के चुनाव क्षेत्र पर एक बार फिर अटकलें शुरू हो गई हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार मोदी के लखनऊ या वाराणसी से मैदान में उतरने की संभावनाओं के बीच अटकलें गरम हैं कि वह अहमदाबाद पूर्व से ही मैदान में उतरेंगे। दरअसल, मोदी का निर्वाचन क्षेत्र मणिनगर इसी क्षेत्र में आता है। एक अन्य घटनाक्रम में कांग्रेस-राकांपा ने गुजरात में अपने रास्ते अलग कर लिए हैं।
भाजपा की इस सबसे सुरक्षित सीट से पूर्व मंत्री हरिन पाठक पांच बार सांसद चुने जा चुके हैं। भाजपा के प्रदेश महासचिव भिखूभाई दलसाणिया का कहना है कि मोदी कहीं से चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन पार्टी फोरम पर फिलहाल इस मुद्दे को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। पार्टी आलाकमान ही यह सब तय करता है। मणिनगर, खोखरा, इंडिया कॉलोनी, नरोडा, अमराईवाड़ी में भाजपा मजबूत स्थिति में है। माना जा रहा है कि इस बार पाठक को राज्यसभा भेजा जाएगा।
एक दशक से केंद्र में कांग्रेस का समर्थन करने वाली राकांपा ने गुजरात में गठबंधन तोड़ने का एलान कर दिया है। राकांपा ने गुजरात की सभी 26 संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान भी कर दिया है।
राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पटेल ने बताया कि गॉडमदर के नाम से चर्चित रहीं संतोकबेन जाडेजा के बेटे कांधल जाडेजा पोरबंदर से चुनाव लड़ेंगे।
पोरबंदर से सौराष्ट्र के दबंग नेता विट्ठल रादडिया भाजपा के टिकट पर चुने गए हैं। इससे पहले वह कांग्रेस के टिकट पर सांसद थे।
https://rashtriyadinmaan.com
