सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी भाजपा, यूपी में भी बजेगा डंका


नई दिल्ली। दो और सर्वेक्षणों के मुताबिक लोकसभा चुनाव में मुख्य विपक्षी भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। इंडिया टुडे-सी वोटर के सर्वे में जहां भाजपा को 543 सीटों में कुल 188 मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, सीएनएन-आइबीएन और सीएसडीएस के सर्वेक्षण में पार्टी को यूपी की 80 संसदीय सीटों में 41-49 जीतने का अनुमान लगाया गया है।
इंडिया टुडे-सी वोटर के मुताबिक बहुमत के लिए न तो भाजपा को 272 सीटें मिलेंगी और न ही कांग्रेस को। सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने के लिए क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन का सहारा लेना ही होगा। कांग्रेस पार्टी ने अब तक अपने पीएम प्रत्याशी का नाम भी घोषित नहीं किया है। वहीं, पार्टी को भ्रष्टाचार के मामलों और आर्थिक सुस्ती के कारण लोगों के गुस्से का सामना भी करना पड़ेगा। सीएनएन-आइबीएन और सीएसडीएस के मुताबिक भाजपा बड़े राज्यों में बड़ा दांव जीतेगी। सर्वे के मुताबिक, भाजपा को यूपी की 80 में 41-49 सीटों पर जीत मिलेगी, जबकि बिहार की 40 सीटों में 16-24 सीटों पर कब्जा करने का अनुमान है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की 48 संसदीय सीटों में आधी से ज्यादा सीटें भाजपा गठबंधन को हासिल होंगी। अब तक लोग कहते थे कि इस बार का चुनाव मोदी बनाम राहुल होगा, लेकिन अब माहौल बदल गया है। अब मोदी के पक्ष में जनमत नजर आ रहा है। सी-वोटर ने सर्वे में 28 राज्यों को शामिल किया, जबकि सीएसडीएस ने 18 राज्यों की कसौटी रखी।


Scroll To Top
Translate »