जम्मू। पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम का एक बार फिर उल्लंघन करते हुए जम्मू- कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर छोटे एवं स्वचालित हथियारों से भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। इसके चलते भारतीय सैनिकों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भीमबेर गली सब सेक्टर में हमारी अग्रिम चौकियों पर शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे छोटे एवं स्वचालित हथियारों से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की।
उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और उसी क्षमता के हथियारों से पाकिस्तान की गोलीबारी का जवाब दिया। दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी होती रही।
लेफ्टिनेंट कर्नल मेहता ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी में इस ओर जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। इस महीने यह दूसरी बार है, जब पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।
शुक्रवार को पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आरएस पुरा सेक्टर में सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के जवान सत्यशील यादव को सौंपे जाने के कुछ घंटे बाद ही पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन कर यह गोलीबारी की है।
गत 6 अगस्त को यादव 7 अन्य सहकर्मियों के साथ चिनाब नदी में मोटर नौका से नियमित गश्त पर थे। इस दौरान नौका का इंजन अचानक खराब हो गया और नौका चिनाब नदी की मुख्य धारा में फंस गई तथा यह पाकिस्तान की तरफ बहने लगी।
बीएसएफ के 6 कर्मियों ने तैरकर अपनी जान बचाई और एक अन्य को एक नौका ने बचा लिया, लेकिन यादव तेज धारा में बह गए और 400 मीटर दूर पाकिस्तान के सियालकोट क्षेत्र में पहुंच गए।
जम्मू जिले के आरएस पुरा सेक्टर में ऑक्ट्राय चौकी पर बीएसएफ और पाकिस्तान रेंजर्स के बटालियन कमांडेंट्स के बीच हुई फ्लैग मीटिंग में दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति बनाए रखने और आकस्मिक घटनाओं में एक- दूसरे को सकारात्मक ढंग से पूरा सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई।
5 अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के शेर शक्ति इलाके में छोटे एवं स्वचालित हथियारों से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया था।
नगरोटा आधारित 16वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल केएच सिंह ने हाल में कहा था कि भारतीय सेना को निर्देश दिया गया है कि वह संघर्ष विराम के उल्लंघन, गोलीबारी और सीमापार से घुसपैठ के प्रयासों का उपयुक्त जवाब दें।
जुलाई में पाकिस्तान ने 8 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। जून में उसने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जम्मू क्षेत्र में 5 बार संघर्ष विराम को तोड़ा।
अप्रैल-मई में संघर्ष विराम उल्लंघन की 19 घटनाएं हुईं।
https://rashtriyadinmaan.com
