लखनऊ: आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती सुरभि रंजन ने कहा कि गरीब बच्चों को शिक्षित कराने और उनकी भागीदारी सामाजिक संस्थाओं को निभानी होगी। श्रीमती रंजन आज संकल्प परिवार एवं इनर विह्ल क्लब आफ लखनऊ द्वारा आयोजित बाल चैपाल को सम्बोधित कर रही थीं।सुश्री रंजन ने बाल चैपाल द्वारा ‘‘तारा से धु्रव तारा’’ कार्यक्रम के अन्तर्गत गरीब परिवार के शिक्षा प्राप्त कर रहे ग्रामीण अंचल के बच्चों को स्कूल किट बैग व शिक्षण सामग्री भी वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब वर्ग के अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित कराने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करानी होगी।
सुश्री रंजन ने कहा कि गरीब बच्चों को शिक्षित कराने हेतु बाल श्रमिकों को पढ़ने हेतु प्रेरित किया जाये। बच्चों को मजदूरी करने से रोकने के साथ-साथ विद्यालय भेजने हेतु प्रेरित किया जाये। देश एवं प्रदेश के विकास के लिए प्रदेश की साक्षरता दर को बढ़ाये जाने की आवश्यकता है।
आकांक्षा समिति की अध्यक्षा सुश्री रंजन ने इस बात पर जोर दिया कि प्रदेश सरकार अपनी योजनाओं में सामाजिक संस्थाएं एवं आम नागरिक की भी इस अभियान में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक शिक्षित परिवार कम से कम से 01 गरीब परिवार के बच्चों को शिक्षित करने हेतु संकल्प ले ले तो प्रदेश में निरक्षता नाम मात्र भी नहीं रह जायेगी।
सुश्री रंजन ने कहा कि खेलने-कूदने की उम्र में रोजी-रोटी की खातिर होटल, ढाबे में बर्तन धोने, घरों में झाड़ू पोछा करने और मजदूरी करके बेबस जिन्दगी जीने वाले बच्चों में गांव-गांव में जाकर शिक्षा की अलख जगानी होगी। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों को शिक्षित कर उनकी युवा जिन्दगी में मुस्कराहट लानी होगी।
सुश्री रंजन ने यह भी सुझाव दिया कि ग्राम स्तर पर बाल चैपाल का आयोजन कर गरीब बच्चों को शिक्षा हेतु प्रेरित किया जाना सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दिलाने के साथ-साथ शिक्षण सामग्री आदि भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाये।
आकांक्षा समिति बच्चों के भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में लगातार अपनी तरफ से भी सहयोग कर रही है। आकांक्षा समिति गरीब बच्चों को बेहतर निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु बाल विद्या मन्दिर का संचालन करा रही है जिसमें प्रतिवर्ष 50 बच्चे प्रवेश प्राइमरी सेक्शन में प्रवेश ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने के साथ-साथ निःशुल्क भोजन, पाठ्य सामग्री, बैग एवं ड्रेस आदि भी आकांक्षा समिति द्वारा संचालित विद्यालय में उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी संचालित कार्यक्रमों के बारे में प्रकाश डालते हुए प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना की।
https://rashtriyadinmaan.com
