‘राहुल गांधी को बदनाम करने की साजिश कर रही मोदी सरकार’


 

2015_7image_18_16_510174301jj-llलखनऊ: प्रदेश कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अमेठी के साथ सौतेला व्यवहार अपनाते हुए बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने इस बदले और घृणा की राजनीति की तीव्र निन्दा की है। कांग्रेस कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन सत्यदेव त्रिपाठी ने कहा कि अमेठी से पहले फूड पार्क हटाया गया। इसके बाद ट्रिपल आईटी बंद किया गया और अब जगदीशपुर पेपर मिल को फर्जी कारणों को दिखाते हुए केंद्र का भारी उद्योग मंत्रालय महाराष्ट्र ले जा रहा है।

कांग्रेस ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को जानबूझकर बदनाम करने की साजिश है। सबका साथ-सबका विकास का नारा देने वाले मोदी अब उत्तर प्रदेश के उस हर क्षेत्र के विकास का कार्यक्रम ठप करना चाहते हैं जहां की जनता ने उनकी पार्टी को नकारा है। रायबरेली और अमेठी की जनता नेहरू-गांधी परिवार के प्रति वर्षों से लगाव रखती रही है। लोकतंत्र में सरकारें आती-जाती रहती हैं। ऐसे में किसी भी लोककल्याणकारी सरकार को विकास में बाधक नहीं बनना चाहिए।
गौरतलब है कि मोदी सरकार जगदीशपुर में प्रस्तावित 3650 करोड़ रूपए की कागज मिल परियोजना केन्द्रीय भारी उद्योग मंत्री अनंत गीते के गृह राज्य महाराष्ट्र के रत्नागिरी में स्थानान्तरित हो सकती है। गीते ने कहा, ‘हम इस दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने (संप्रग सरकार) वर्ष 2007 में (अमेठी में मिल स्थापित करने का) फैसला किया था लेकिन जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण इस दिशा में कुछ नहीं हुआ।’ पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले संप्रग कैबिनेट ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा, ‘हम रत्नागिरी में मिल स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं क्योंकि वहां जमीन उपलब्ध है। साथ में वहां बांस की खेती, राजमार्ग, बंदरगाह उपलब्ध है। हमें परियोजना रत्नागिरी स्थानान्तरित करने की मंजूरी के लिए फिर से कैबिनेट के पास जाना होगा।’

Scroll To Top
Translate »