समाजवादी पार्टी की राज्य संसदीय बोर्ड की बैठक आज प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में राज्य मुख्यालय, लखनऊ में हुई जिसमे प्रदेश में 5 अगस्त से 12 अगस्त,2015 तक चल रही समाजवादी साइकिल यात्रा पर चर्चा हुई और इस यात्रा से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुॅचाने में पार्टी के हजारो कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए बधाई दी गई। बैठक में कहा गया कि साइकिल यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता बहुत ही जोश से जुटे रहे।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री राजेन्द्र चौधरी ने बताया है कि बैठक में इस बात की सराहना की गई कि समाजवादी सरकार द्वारा गत लगभग साढ़े तीन वर्षो में चुनाव घोषणा पत्र के लगभग सभी वादे पूरे कर लिए गए है। अनेक जनहितकारी योजनाएं प्रगति पर हैं। सभी वर्गो एवं सभी क्षेत्रों के लिए उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं जिनको जन-जन तक पहुॅचाने के लिए (प्रदेश के पश्चिम क्षेत्र के 8 जनपदो को छोड़कर) शेष में 5 अगस्त,2015 से साइकिल यात्रा प्रारम्भ की गई थी। 8 जनपदो में कांवरियों की यात्रा के कारण साइकिल यात्रा स्थगित की गई है जो 17 अगस्त,2015 से चालू होगी।
बैठक में पंचायतो के त्रिस्तरीय चुनावों पर चर्चा हुई। इन चुनावो को बहुत महत्वपूर्ण मानते हुए पार्टी अपनी रणनीति शीघ्र घोषित करेगी।
राज्य संसदीय बोर्ड ने 168 विधान सभा क्षेत्रों, जहाॅ पार्टी के विधायक नहीं है, के लिए 2017 में होने वाले चुनावो के लिए प्रत्याशी तय करने का अधिकार राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मुलायम सिंह यादव को देने का निर्णय लिया। इस सम्बन्ध में बैठक में चयन समिति द्वारा सम्भावित प्रत्याशियों का चयन कर बनी सूची बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत की गई। इस चयन समिति की बैठकें 23 जुलाई,2015 से 9 अगस्त,2015 तक मुख्यालय में हुई थी।
राज्य संसदीय बोर्ड की बैठक में आज सर्वश्री शिवपाल सिंह यादव, माता प्रसाद पाण्डेय, भगवती सिंह, बलराम यादव, अहमद हसन, अवधेश प्रसाद, अरविन्द कुमार सिंह गोप, डा0 के0सी0 पाण्डेय, श्रीपति सिंह तथा नरेश उत्तम मौजूद रहे।
https://rashtriyadinmaan.com

