मुख्यमंत्री ने हज यात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया


unnamed (6)लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज यहां मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस से हज यात्रियों के पहले जत्थे को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर हज यात्रियों को अच्छे स्वास्थ्य और सफल यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया के सभी धर्म आपस में मिलजुल कर रहने और समाज की खुशहाली के लिए काम करने का संदेश देते हैं। उन्होंने हज यात्रियों से आग्रह किया कि वे अपनी प्रार्थना के दौरान समाज, देश एवं प्रदेश की खुशहाली के लिए भी दुआ करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग हज यात्रा पर जाने में सफल हो पाए हैं, निश्चित रूप से खुदा की उन पर बहुत बड़ी रहमत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी धर्मों, वर्गों, जातियों एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की प्रगति और खुशहाली के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा के लोग हमेशा समाज में अच्छाई फैलाने एवं बुराई से लड़ने के लिए स्वयं तत्पर रहते हैं और समाज के लोगों को भी बुराई के विरूद्ध संघर्ष की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनकी सरकार समाज में खाई पैदा करने वालों के विरुद्ध लगातार संघर्ष करती रहेगी। हज यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में हज यात्रियों की सुविधा के लिए और भी हज हाउस के निर्माण के लिए काम कर रही है।
इस मौके पर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री मो. आज़म खां ने कहा कि समाज में अमन-चैन बनाए रखना एवं सभी वर्गों के साथ इंसाफ करना हुकूमत का पहला कर्तव्य है। उन्होंने समाज में भाईचारा बनाए रखने और आम जनता की तकलीफों को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। हज यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी तरफ से हज यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का हर सम्भव प्रयास किया है।
हज यात्रियों को मुबारकबाद देते हुए मौलाना सैय्यद मोहम्मद राबे हसनी नदवी एवं मौलाना खालिद रशीद फि़रंगी महली ने उनकी सफल यात्रा की दुआ की।
ज्ञातव्य है कि इस वर्ष हज यात्रा के लिए उत्तर प्रदेश से 24,654 हज यात्रियों का प्रोविजनल चयन हज कमेटी आॅफ इण्डिया द्वारा किया गया है। नई दिल्ली से 9,755 हज यात्री, लखनऊ से 10,733 हज यात्री तथा वाराणसी से 4,166 लोग हज यात्रा के लिए रवाना होंगे। सभी हज यात्रियों के पासपोर्ट, वीजा इत्यादि पहले ही प्राप्त हो चुके हैं।
कार्यक्रम में सचिव अल्पसंख्यक कल्याण श्री एस.पी. सिंह सहित अन्य अधिकारी, हज यात्री आदि मौजूद थे।

Scroll To Top
Translate »